डीडी मॉल के संचालक पर 39 लाख ठगने का आरोप, हुंडी पर उठाए थे 39 लाख
ग्वालियर. हुंडी पर पैसा उठाकर हड़पने का एक और मामला सामने आया है, इस बार डीडी मॉल के संचालक आनंद मोहन छापरवाल पर हुंडी पर पैसा लेकर हड़पने का आरोप लगाया है। एक ठेकेदार से 39 लाख रुपए लिए गए थे। वर्ष 2018 से हुंडी का ब्याज तक नहीं दिया गया है। बदले में डीडी मॉल में दुकाने देने का वादा किया था। उसका एग्रीमेंट भी किया लेकिन उससे भी मुकर गए ठगी की शिकायत अभी ठेकेदार ने इंदरगंज थाना में की हे। पुलिस ने जांच करने के बाद डीडी मॉल के संचालक पर अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
शब्द प्रताप आश्रम निवासी सुनील दीक्षित ठेकेदार हैं। उन्होंने इंदरगंज थाना में की गई शिकायत में बताया कि डीडी मॉल के संचालक आनंद मोहन छापरवाल को उन्होने हुंडी पर 39 लाख रुपए दिए थे। यह 39 लाख रुपए उन्होंने हुंडी दलाल मनीष के कहने पर आनंद मोहन छापरवाल को दिए थे। वर्ष 2018 के बाद मॉल संचालक ने ब्याज भी नहीं दिया। जब उनके पास पहुंचे तो उन्होंने रुपए लौटाने में असमर्थता जताई और ऑफर दिया कि उनके मॉल में वह उनको तीसरी मंजिल पर दुकानें दे देंगे। इसके लिए सुनील के बेटे के नाम से मॉल संचालक से एग्रीमेंट किया गया। इस समय हुंडी के कागज वापस ले लिए गए लेकिन इसके बाद न तो मॉल मालिक ने रुपए लौटाए न ही ब्याज दिया। दुकानें भी देने से इनकार कर दिया। जब भी अपने रुपए मांगे तो आर्थिक परेशानी की बात कहते हुए टाल मटोल की। परेशान होकर सुनील ने इंदरगंज थाने मे शिकायत की। इस पर इंदरगंज थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर डीडी मॉल के मालिक आनंद मोहन छापरवाल के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर लिया है।

