राजस्थान में बने चक्रवातीय घेरे से ग्वालियर अंचल का मौसम बिगड़ा, रेल व सड़क यातायात प्रभावित
ग्वालियर. राजस्थान में बने चक्रवातीय घेरे से ग्वालियर सहित अंचल का मौसम बिगड़ गया है। बारिश ने शहर को तर कर दिया है। पिछले 24 घंटे में 31.5 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई है लेकिन हवा में नमी आने से कोहरे ने शहर की घेराबंद कर दी है। द्रश्यता 50 मीटर से नीचे रही इससे सड़क व रेल यातायात प्रभावित रहा। कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिससे ठंड घट गई। 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे ठंड की चुभन नहीं रही। सुबह से कोहरा छाया रहा।
अंचल में 2020 के बाद मावठ हुई है, मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 जनवरी के बीच तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि के भी आसार है। हवा में नमी आने से घना कोहरा भी छाने की संभावना है। बारिश के कारण अंचल में दिन में कंपाने वाली ठंड बढ़ गई है। तीन दिनों तक धूप निकलने की भी संभावना नहीं है।
जम्मू कश्मीर में दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ गुजर रहे है। एक पश्चिमी विक्षोम सक्रिय है और दूसरा ईरान से होते हुए आ रहा है। इस कारण राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बन गया है। इस चक्रवातीय घेरे के अरब सागर से भरपूर नमी मिल रही है। चक्रवातीय घेरा का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर चंबल संभाग पर है। गत दिवस से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरी रात चला लेकिन सुबह घना कोहरा छाने से धूप नहीं निकली इससे दिन में ठंड बढ़ेगी। अगले दो दिनों तक भी धूप निकलने के आसार कम है। 9 जनवरी तक बारिश व कोहरे का दौर चलेगा। जिले में फसलों के लिए बारिश अमृत बनकर बरसी है।