IT Raid- बेटे ने नोटों में आग लगाई, ग्वालियर, भोपाल व जबलपुर की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही
दमोह. जिले के प्रमुख शराब ठेकेदार शंकर राय सहित उनके भाइयों के घर पर आयकर विभाग Income tax की टीम द्वारा गुरूवार की सुबह 6 बजे छापा मारा। सुबह से ही लगभग 100 गाडि़यों के काफिले ने शराब ठेकेदारी सहित बस, पेट्रोल पंप सहित अनेक व्यवसाय से जुड़े राय चौराहा निवासी शंकर राय, कमला राय और राजू राय के निवास पर छापा मारकर कार्यवाही प्रारंभ की। वहीं दूसरी ओर उनके एक भाई संजय राय के पथरिया फाटक ओवरब्रिज के समीप स्थित आवास पर भी पहुंच कर छापा मारकर कार्यवाही प्रारंभ की। इस दौरान 100 गाडि़यों के काफिले ने सुबह इन सभी के आवासों को घेरकर कार्रवाई प्रारंभ की।
भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम में जहां ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर और इंदौर के अधिकारियों की टीम सहित लगभग 200 अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मी इस कार्यवाही को अंजाम दे रहे हैं। इस बात की जानकारी जैसे ही स्थानीय स्तर पर पुलिस को लगी तो पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार के निर्देशन पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने सदल बल पहुंचकर चारों ओर स्थानीय स्टाफ को भी ड्यूटी पर तैनात कर दिया। इस दौरान जहां आयकर विभाग के अधिकारी के साथ सुरक्षाकर्मी किसी भी परिजन को या अन्य किसी को अंदर बाहर आने जाने नहीं दे रहे है। वहीं दूसरी ओर कमला राय के निवास पर जब आयकर विभाग (IT) की टीम ने छापा मारा परिजनों द्वारा काफी विरोध किया गया।
बेटे द्वारा अंदर रखे हुए नोटों में आग भी लगा दी
इस दौरान यह भी बताया जा रहा है कि उनके बेटे द्वारा अंदर रखे हुए नोटों में आग भी लगा दी जिस कारण से इनकम टैक्स Income tax के अधिकारी काफी गुस्साये नजर आ रहे थे हालांकि अभी कार्यवाही प्रारंभ की गई है और इसके दो-तीन दिन में ही अंतिम परिणाम मिलने की संभावना है। जबलपुर के आयकर विभाग की अपर आयुक्त मुनमुन शर्मा ने बताया कि भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है। अभी कार्यवाही प्रारंभ हुई है। इसमें समय लगेगा वह जो भी जानकारी सामने आएगी उसे अवगत करा दिया जाएगा।

