ग्वालियर में 25 पॉजिटिव
ग्वालियर. बाहर से आने वाले सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के साथ कोरोना भी लेकर आ रहे हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट में 25 लोगों को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से तीन लोग ऐसे हैं जो दूसरे शहरों के हैं और बाहर जाते समय स्टेशन पर उनकी सैंपलिंग की गई है। संक्रमित मिलने वालों में नीदरलैंड से पिछले महीने लौटा एक परिवार है। परिवार का मुखिया, उसकी पत्नी और 6 साल की बेटी ने वापस नीदरलैंड जाने के लिए सैंपल कराया था, जिसमें वह संक्रमित निकले हैं। सभी को खांसी, जुकाम था। इसके अलावा पंजाब, मेरठ से लौटने वाले भी संक्रमण लेकर लौटे हैं।
सभी पॉजिटिव स्वास्थ्य विभाग व प्राइवेट जांच लैब में संक्रमित पाए
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग से जारी कोविड रिपोर्ट में 25 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी पॉजिटिव स्वास्थ्य विभाग और प्राइवेट जांच लैब में संक्रमित पाए गए हैं। सोमवार को 2446 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है जिसमें 25 पॉजिटिव आने के बाद एक्टिव केस बढ़कर 45 हो गए हैं। इन 25 में से तीन ऐसे हैं जो बाहर के हैं और स्टेशन पर जाते समय उनकी सैंपलिंग की गई थी इसलिए उन्हें एक्टिव केस में नहीं जोड़ा गया है। सोमवार तक ग्वालियर में कुल पॉजिटिव 53256 हो गए हैं। जिले में कुल संदिग्ध व्यक्तियों की संख्या 1559 है। कटेंनमेंट जोन अभी एक भी नहीं बनाया गया है। सोमवार को 2274 लोगों के सैंपल लिए गए हैं जिनकी रिपोर्ट मंगलवार को आनी है।

