अनकंट्रोल स्ट्रीट डॉग्स को लेकर कलेक्टर-कमिश्नर पर भड़के सीएम शिवराज सिंह, तलब किया
भोपाल. राजधानी में बढ़ते कुत्तों का आतंक पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई है। इस मामले में सीएम ने कलेक्टर अविनाश लवानिया और नगर निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी को भी तलब किया है। बागसेवनिया इलाके में शनिवार को 4 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के हमले किया था। घटना के बाद मानव अधिकार आयोग भी हरकत में आया। आयोग ने निगम कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। निगम अफसरों का दावा है कि 2 महीने में 1600 से ज्यादा कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है।
पीछे दौड़ते हैं कुत्ते, दुर्घटना का डर
शहर के कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या अधिक है। ये दुर्घटना की वजह भी बनते हैं। कोलार में चूना भट्टी चौराहे से बैरागढ़-चीचली तक दर्जनों कुत्ते सड़क पर मंडराते रहते हैं। कई बार ये बाइकों के काटने के लिए दौड़ लगाते हैं। इससे हड़बड़ाहट में कई वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। कॉलोनियों में यही स्थिति बन रही है।
बच्ची को कर दिया था लहूलुहान
शनिवार शाम बागसेवनिया इलाके के कवर्ड कैंपस में निर्माणाधीन मकान में चार साल की बच्ची गुड्डी पर झुंड में आए कुत्तों ने हमला कर दिया था। एक युवक ने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया। लहूलुहान हुई गुड्डी का जेपी और फिर हमीदिया हॉस्पिटल में इलाज किया गया।

