केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया की पहल पर एमआईटीएस में लगेगा विशाल ड्रोन मेला
ग्वालियर केन्द्रीय नागकरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर ग्वालियर में 11 दिसम्बर को विशाल एवं आकर्षक ड्रोन मेला का आयोजन होने जा रहा है। इस मेले का आयोजन भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं फिक्की के सहयोग से एमआईटीएस (माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एण्ड साईंस) में होगा।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर सहित अन्य मंत्रिगण एवं सांसद विवेक शेजवलकर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
एमआईटीएस के निदेशक डा आरके पंडित ने बताया कि भारत की तकनीक क्षमता को बढ़ाते हुए सभी विभाग ड्रोन का उपयोग कर रहे हैं। इस क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। इस मेले से अन्य विभाग भी ड्रोन का उपयोग करने की दिशा में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ड्रोन मेले में किसान, स्कूल एवं कॉलेज के छात्र छात्राओं का समूह, एवं इस क्षेत्र में शोध करने वाले शोधार्थी शामिल होंगे।
इस अवसर पर कई विभागों खनन, शिक्षा, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, लैंड रिकॉर्ड, पुलिस, डीआरडीई, रक्षा आदि विभागों से आए सभी तरह के ड्रोन का प्रेजेंटेशन होगा। इस ड्रोन मेले का आयोजन खास तौर पर किसानों एवं तकनीकी छात्र एवं छात्राओं को ड्रोन का महत्त्व एवं उसकी. उपयोगिता समझाने के लिए किया जा रहा है। तकनीकी क्षमताओं के विकास से समाज के सभी वर्गों को जिसमे किसान, हेल्थ सेवा, ट्रांसपोर्ट सेवाओं को और उपयोगी इफेक्टिव एव तेज बनाया जा सकता है। एमआईटीएस में इस बाबत कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहाँ अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

