LatestNewsराज्यराष्ट्रीय

नूराबाद हाइवे ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, बेटी के लिये लड़का देखने की मुरैना गयी थी, 3 घंटे तक लगा जाम

ग्वालियर. मुरैना के बानमोर में एक ट्रक ने महिला को टक्कर मारी दी जिससे महिला की मौत घटनास्थल पर हो गयी। महिला अपने पति के साथ मुरैना से मोटरसाईकिल पर लौट रही थी। उसी बीच नूराबाद के मुख्य चौराहे पर तेज स्पीड़ ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। घटना मंगलवार की शाम की है। आपको बता दें कि यह हादसा नेशनल हाइवे एनएच-3 पर घटी है। यह वहीं हाईवे है जो ग्वालियर से बानमौर, नूराबाद, मुरैना होते हुए धौलपुर व आगरा जाता है तथा इस पर हर दिन कोई न कोई दुर्घटना होती है। महिला ऊषा पत्नी जबरसिंह कुशवाह उम्र 38 वर्ष निवासी गोधरा कॉलोनी, नूराबाद, अपने पति के साथ अपनी बेटी की शादी के लिये लड़का देखने मुरैना गयी थी। वह दोनों लड़का देखकर मुरैना से वापिस लौट रहे थे। दोनो मोटरसाईकिल पर सवार थे। मोटरसाईकिल पति जबर सिंह चला रहा था। वे दोनों अपने घर से चन्द कदम की दूरी पर थे कि नूराबाद मुख्य चौराहे पर मुरैना की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक भाग गया। इस घटना में पत्नी उषा की मौके पर ही मौत हो गयी तथा उसका पति जबर सिंह घायल हो गया।
राहगीरों ने किया चक्काजाम
इस दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने नूराबाद चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना था कि आये दिन यहां दुर्घटनायें होती है। लेकिन उन पर लगाम नहीं लगाई जा रही है। इससे बेकसूर लोग मारे जा रहे हैं। जाम करीब 3 घंटे तक लगा रहा और बाद में नूराबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा जाम को हटवाया गया।
सड़क के दोनो ओर खड़े वाहन
तीन घंटे तक लगातार जाम लगने से दोनों ओर के सैकड़ों वाहन खड़े रहें। पुलिस उन्हें हटाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन लोग हट ही नहीं रहे थे और बाद में पुलिस के काफी समझाने बुझाने के बाद जाम हटाया गया। इस दौरान दोनों ओर के वाहनों में सवार लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हटवा दिया गया है जाम
जाम को हटवा दिया गया है। अब कोई समस्या नहीं है। ट्रक चालक की गलती से हादसा हुआ था। उसको हम खोज रहे हैं।
आरती चराटे, थाना प्रभारी, नूराबाद, मुरैैना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *