ग्वालियर में सभी वार्डों के बीच स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन होगा
ग्वालियर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की तैयारियां इस बार काफी जोर शोर से चल रही हैं। इसके चलते निगम प्रशासक आशीष सक्सेना ने कहा कि सभी वार्डों के बीच प्रतियोगिता का आयोजन होगा। हर सप्ताह सोमवार को सभी वार्डों रैंकिंग जारी की जाएगी। निगम प्रशासक आशीष सक्सेना ने सफाई व्यवस्था को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस दौरान निगमायुक्त ने कहा कि शहर में खुले प्लॉट चिन्हित करें, जहां कचरा डलता है। इसके बाद प्लॉट मालिकों से आग्रह करें कि यहां पर कचरा न डालने दिया करें। अगर वह नहीं सुनते हैं तो वहां की सफाई कराकर भूस्वामी से जुर्माना वसूला जाए। स्वच्छता के लिए गठित वार्ड स्तरीय समिति की नियमित बैठकें हों तथा प्रत्येक वार्ड में साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम चलाया जाए।
इस आधार पर होगी प्रतियोगिता
शहर के 66 वार्डों में निगम अधिकारी प्रति सप्ताह स्वच्छता रैंकिंग जारी करेंगे। इसमें देखा जाएगा कि सूखा-गीला कचरा अलग-अलग हो, शत-प्रतिशत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, सफाई व्यवस्था एवं जनभागीदारी सहित अन्य सभी कंपोनेंट के आधार पर वार्ड की रैंकिंग घोषित होगी। सभी दुकानों पर डस्टबिन हो तथा साफ सफाई रहे। साथ ही शासकीय व अर्धशासकीय कार्यालयों से कचरा संग्रहण के लिए मैपिंग कराई जाए।

