ग्वालियर की छवि धूमिल कर रहे नगर निगम के अफसर-कर्मचारियों का गठजोड़, ड्यूटी से गायब रहते हैं कर्मचारी, हाजिरी दर्शाने आधा वेतन लेते हैं वार्ड अधिकारी

ग्वालियर. शहर को साफ रखने का जिम्मा संभालने वाले नगर निगम के अफसर-कर्मचारियों का गठजोड़ ग्वालियर की छवि धूमिल कर रहे हैं। निगम सफाई मित्र (कर्मचारी) दो-चार दिन या महीनों नहीं, दो-चार साल तक अनुपस्थित रहकर वेतन ले रहे हैं। वहीं डब्ल्यूएचओ (वार्ड हेल्थ आफिसर) इन अनुपस्थित कर्मचारियों की फर्जी उपस्थिति रजिस्टर में दर्शाने के नाम पर उनका आधा वेतन पचा रहे हैं। यही नहीं कुछ कर्मचारी ऐसे हैं जो निगम में हाजिरी लगाकर कहीं और निजी नौकरी कर रहे हैं।

कई सफाई कर्मचारी बीट से अनुपस्थित मिले
तीन हजार सफाई मित्रों का बड़ा अमला होने के बाद भी सड़कों पर गंदगी के ढेर नजर के पीछे कर्मचारियों का अनुस्थित रहना है। कुछ दिन पहले निगम में स्वच्छता के उपायुक्त अतिबल सिंह यादव एवं सत्यपाल सिंह चौहान ने बीटों के हिसाब से औचक निरीक्षण करना शुरू किया था। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी बीट से अनुपस्थित मिले। यह पड़ताल लगातार जारी रखने में सामने आया कि कई सफाई मित्र सालों से गायब हैं, लेकिन अपना वेतन निकल रहे हैं।

डब्ल्यूएचओ अनुपस्थित कर्मचारी की हाजिरी रजिस्टर में अनुपस्थित दर्ज ही नहीं करते
निगम उपायुक्त ने निरीक्षण करना शुरू किया तो उन्होंने कर्मचारियों के साथ मौके पर हाजिरी रजिस्टर भी चेक करना शुरू किया। इसमें पता चला कि डब्ल्यूएचओ अनुपस्थित कर्मचारी की हाजिरी रजिस्टर में अनुपस्थित दर्ज ही नहीं करते हैं। इसके बाद अनुस्थित कर्मचारियों के घर जाकर या कार्यालय में बुलाकर एक साथ हाजिरी भरवा देते हैं। इससे कर्मचारियों का वेतन निकल आता है। इसके बदले डब्ल्यूएचओ इन कर्मचारियों का आधा वेतन बतौर रिश्वत ले लेते हैं।

रजिस्टर में उपस्थिति दर्शाने के बदले पैसे लिए जाते हैं
कर्मचारियों की हाजिरी चेक की जा रही है। साथ ही कर्मचारी के कार्य करने वाली बीट में जाकर सफाई कार्य का सत्यापन किया जा रहा है। इसमें कर्मचारी के अनुपस्थित होने की जानकारी सामने आ रही है। कर्मचारी के अनुपस्थित होने के बाद भी 20 से 25 दिनों तक हाजिरी रजिस्टर में जगह खाली छोड़ी जा रही हैं, जो संदेहास्पद है। कर्मचारियों से पूछा तो पता चला रजिस्टर में उपस्थिति दर्शाने के बदले पैसे लिए जाते हैं। यह जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। जो भी कर्मचारी गड़बड़ी करेगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *