ग्वालियर में सनकी झोलाछाप डॉक्टर पर FIR, कुत्ते की बेरहमी से हत्या की, मेनका गांधी ने संज्ञान में लिया

ग्वालियर. डबरा के सिमरिया में कुत्ते को बेरहमी से पीटकर उसके हाथ पैर, गर्दन काट कर मार डालने वाले मामले को मेनका गांधी ने संज्ञान में लिया है। मेनका गांधी की संस्था पीएफए एनिमल के सदस्यों ने डबरा देहात थाना पहुंचकर घेराव किया। टीम आसपास के कई आवारा कुत्तों को लेकर थाने पहुंचे थे। उनका यह प्रदर्शन देखकर पुलिस घबरा गई। जिस पर पुलिस ने तत्काल कुत्ते को बेरहमी से मारने वाले डॉक्टर के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी बंगाली डॉक्टर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर में सोशल मीडिया पर दो दिन पहले एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो जिसने भी देखा है वह हैरान रह गया था। इनमें एक सनकी युवक एक वेजुबान कुत्ते को बेरहमी से पीट रहा है। वह पीटने के बाद उस कुत्ते को कसाई की तरह धारदार हथियार से काट कर मार डालता है। युवक पहले उसके पैर काटता है फिर हाथ और आखिर में सिर काटता हुआ दिख रहा है। जब इस वीडियो के बारे में जानकारी जुटाई तो पता लगा कि यह वीडियो डबरा के वार्ड क्रमांक एक सिमरिया गांव के बंगाली डॉक्टर का है। हुआ यह था कि करीब 10 से 15 दिन पहले झोलाछाप डॉक्टर के बेटे को इस आवारा डॉग ने काट लिया था। घाव कुछ ज्यादा गंभीर भी नहीं था। इस पर बंगाली डॉक्टर को काफी गुस्सा आया। वह दिन रात इस डॉग को तलाश रहा था। घटना के अगले दिन उसे यह आवारा कुत्ता गांव के सरकारी स्कूल के पीछे मिल गया। इसके बाद उसने उसे पकड़ा और गर्दन पर पैर रखकर पीटना शुरू कर दिया। डॉग को पकड़ने के बाद बंगाली डॉक्टर ने पहले उसे पीटा, जब वह अधमरा हो गया तो चाकू निकाल कर उसे काट कर मार डाला। उसके कई टुकड़े कर दिए। यह वीडियो गांव के ही कुछ लोगों ने बना लिया था। उस समय तो मामला गर्म था, लेकिन बाद में उसे लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *