MP में नए वैरिएंट को लेकर अलर्ट, स्कूल 50 प्रतिशत क्षमता से खुलेंगे

भोपाल. मप्र में कोरोना को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। एक बार फिर सरकारी और प्राइवेट स्कूल 50 प्रतिशत क्षमता से ही खुलेंगे, यानी एक बच्चा 6 दिन में से 3 दिन ही स्कूल आएगा। ऑनलाइन क्लासेस बंद नहीं होंगी जिससे पेरेंट्स के पास विकल्प रहे और उनकी इच्छा होगी तो ही बच्चे स्कूल जाएंगे। बिना अनुमति के बच्चे स्कूल नहीं बुलाए जाएंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखी जाएगी। नए वैरिएंट के चलते प्रदेशभर में अलर्ट किया गया है। मप्र के दो बड़े शहर भोपाल और इंदौर में विशेष नजर रखी जाएगी।

नए वैरिएंट को लेकर सरकार ने अलर्ट भी जारी किया
नए वैरिएंट के चलते सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बड़ी मीटिंग बुलाई। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह ने फैसला लिया। उन्होंने कहा, देश-विदेश में नए वैरिएंट फैलने की सूचना है। अभी मध्यप्रदेश में नए वैरिएंट को लेकर कोई सूचना नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। इसलिए आज मीटिंग करके कुछ फैसले लिए हैं। मध्यप्रदेश में नए वैरिएंट को लेकर सरकार ने अलर्ट भी जारी किया है।

कोई यात्री संदिग्ध मिला तो आइसोलेशन में रहेगा
सीएम शिवराज सिंह ने मीटिंग में निर्देश दिए कि दूसरे देशों से मध्यप्रदेश में आने वाले यात्री के संबंध में भारत सरकार के सर्विलांस के नियमों का कड़ाई से पालन करेंगे। एक महीने में जितने भी लोग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से यहां आए हैं, उनकी जांच की जाएगी। यदि कोई संदिग्ध मिलता है तो उन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा।

बढ़ेगी कोरोना टेस्टिंग
प्रदेश में अभी 56 हजार के आसपास कोरोना टेस्टिंग की जा रही है। सरकार इसे भी बढ़ा रही है। सीएम ने कहा कि सैंपलिंग की संख्या बढ़ाएंगे, जिससे कहीं कोई स्थिति बने तो जानकारी का आभाव न रहे। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर में 64 हजार टेस्ट रोजाना हो रहे थे। अकेले इंदौर में साढ़े नौ हजार टेस्ट हो रहे थे, अब यह संख्या घटकर 53 सौ के करीब है।

अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट चलाकर देखेंगे
नए वैरिएंट के असर के चलते प्रदेशभर के अस्पतालों में लगे ऑक्सीजन प्लांट को चलाकर देखा जाएगा। साथ ही मौजूद दवाइयों की उपलब्धता भी चेक की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *