बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड को गोली मार कर की हत्या
ग्वालियर. डबरा स्थित कंचनपुरा में नवविवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। आरोपी की पहचान महिला के एक्स बॉयफ्रेंड के रूप में हुई है। परिजन का आरोप है कि पहले डेरा (खेत) पर उसका महिला से विवाद हुआ और इसके बाद फायर कर दी। वहां महिला के पेट में छर्रा लगा था। महिला को बचाकर परिजन घर पहुंचे ही थे कि कुछ देर बाद बॉयफ्रेंड पहुंचा। सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार को डबरा के कंचनपुरा की है। फिलहाल हमलावर प्रेमी फरार हे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
डबरा देहात के कंचनपुर की रहने वाली जूली रावत (24) पुत्री सुरेंद्र रावत का 7 माह पूर्व डबरा के रहने वाले मनोहर रावत से विवाह हुआ था। सोमवार को जूली की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मौके पर डबरा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को निगरानी में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। मृतका के परिजन ने जूली के पूर्व प्रेमी गांव के कल्लू रावत पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कल्लू शादी के बाद भी उसे परेशान कर रहा था। वह उसे हासिल करना चाहता था, जबकि जूली उससे संबंध नहीं रखना चाहती थी। जब वह कामयाब नहीं हुआ, तो प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट से स्पॉट की बारीकी से जांच कराई है। पुलिस ऑनर किलिंग के एंगल को भी टटोल रही है।
पुलिस का कहना
नवविवाहिता की गोली लगने से मौत हुई है। एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जयराज कुबेर, एएसपी देहात