मप्र में 23 दिन बाद फिर एक दिन में 17 नए केस, सबसे ज्यादा इंदौर में 6, भोपाल में 5 मरीज
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने कोरोना के सभी प्रतिबंध खत्म कर दिए गए हैं। इसके बाद फिर कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैँ। प्रदेश में 24 घंटे में 17 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले 28 अक्टूबर को 19 संक्रमित मिले थे। शनिवार को सबसे ज्यादा इंदौर में 6, भोपाल में 5 केस मिले है। वहीं, दमोह में 4 और शहडोल में 2 केस मिले है। प्रदेश में अब 85 एक्टिव केस हैं। दमोह में 4 मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले शुक्रवार को 3 मजदूरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह सभी पश्चिम बंगाल से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वहीं, ओएनजीसी कैंप में रह रहे 150 से ज्यादा मजदूरों की जांच कराई जा रही है।
लोग हो गए लापरवाह
नए संक्रमितों में अब ट्रैवलिंग हिस्ट्री के साथ दूसरे लोग भी पॉजिटिव आ रहे हैं। वहीं, लोग भी बेपरवाह दिखाई दे रहे हैं। मास्क नाम मात्र के लोग लगा रहे हैं। सरकार के प्रदेश में कोरोना से संबंधित सभी प्रतिबंधों को समाप्त करने से भी चिंता बढ़ गई है।
8 दिन में 71 संक्रमित मिले
प्रदेश में पिछले 8 दिन में 11 जिलों में 71 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें सबसे ज्यादा भोपाल में 25, इंदौर में 20, जबलपुर और दमोह में 7-7, राजगढ़ और रायसेन में 3-3, शहडोल में 2 और बड़वानी, श्योपुर, होशंगाबाद व ग्वालियर में 1-1 पॉजिटिव मिला है। 19 नवंबर को भोपाल में 1 मौत रिपोर्ट हुई है। इससे पहले, 15 नवंबर को इंदौर में एक व्यक्ति की मौत कोरोना से हुई थी।

