मुफ्त में कपड़े-जूते नहीं दिए, बदमाशों ने मचाई तोड़फोड़, डंडों से दुकान मालिक को पीटा
ग्वालियर. व्यापारी से मारपीट और दुकान में तोड़फोड का वीडियो सामने आया है जिसमें 6 से 7 सिरफिरे लड़के एक दुकान के कांच के दरवाजे पर लाठी-डंडे बरसा रहे है साथ ही दुकान मालिक को बेरहमी से पीट रहे हैं। यह वीडियो डीडी नगर में एक कपड़े व शूज शॉप का है। हमलावर इस बात से नाराज थे कि उनको मुफ्त में कपड़े और जूते नहीं दिए गए। शराब पीने के लिए रुपए मांगे तो वह भी नहीं दिए गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों में दहशत है। व्यापारियों का आरोप है कि एक समुदाय के लोग यहां आए दिन में हंगामा मचाते है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती हैं।
यह है पूरा मामला
गुरुवार को महाराजपुरा के दीनदयाल नगर में स्थित कोठारी हाउस में रेडीमेड कपड़ों और जूते का व्यवसाय करने वाले सूरज गुप्ता के यहां आधा दर्जन से अधिक बदमाश मुंह पर शाफी लपेटे हुए हाथों में डंडे लेकर पहुंचे और उन्होंने आते ही दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और वहां लगे कांच के गेट को तोड़ना शुरू कर दिया। रोकने का प्रयास किया तो सूरज को भी पीटा गया। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। तोड़फोड़ और मारपीट की यह घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार की शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे
मारपीट का शिकार दुकानदार सूरज गुप्ता ने बताया है कि दीनदयाल नगर में एक कोठारी हाउस में कपड़े और जूते की दुकान है। मैं अपनी दुकान चला रहा था कल कुछ गुंडे आए और पीछे से मुझे आवाज लगाई। बाहर आते ही मुझे चारों तरफ से घेर कर मेरी दुकान में तोड़फोड़ कर दी । मुफ्त में सामान नहीं दिया और रुपयों की डिमांड पूरी नहीं की गई तो कुछ लोगों ने यह हमला किया है। यहां हमला करने वालों में गोलू डंगस, हरिओम डंगस और उनके साथी हैं। उनके खिलाफ शिकायत पहले भी थाने में शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। मेरे साथ मारपीट करने के बाद बदमाश युवक फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

