ग्वालियर की खस्ताहाल सड़कों से नाराज टेंपो चालक कल शुक्रवार को नहीं चलाएंगे वाहन
ग्वालियर फूलबाग से किलागेट रोड तक की रोड की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ने से नाराज टेंपो चालक शुक्रवार की सुबह से शाम तक टेंपो नहीं चलाएंगे। यह जानकारी टेंपो कर्मचारी यूनियन के ग्रेटर ग्वालियर के अध्यक्ष शील खत्री ने दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। 8 माह पहले पानी और सीवर की लाइनें बिछाने के नाम पर इस सड़क को खोद दिया गया। इससे हालात और खराब हो गए।
इस रोड पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। 12 अक्टूबर को जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट और क्षेत्रीय विधायक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रोड निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया था, लेकिन अभी तक रोड का काम शुरू नहीं हो पाया है। खस्ताहाल सड़क के कारण वाहन खराब हो रहे हैं , टेंपो यूनियन की बैठक में सर्वसम्मति से उक्त निर्णय लिया गया है। वाहन बंद करने के साथ ही सुबह दस से दोपहर एक बजे तक किलागेट चौराहे पर धरना भी दिया जाएगा।

