ग्वालियर में एकतरफा प्यार में लड़की के मां-बाप को गोली मारी

ग्वालियर. दंपती को गोली मारने वाले पकड़े गए हैं। दंपती की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। दो आरोपियों में से एक दंपती की बेटी से एकतरफा प्यार करता है। इंस्टाग्राम पर लड़की से दोस्ती हुई थी। प्यार का इजहार करने पर लड़की ने मना कर दिया था। इसके बाद आरोपी लड़की का पीछा कर परेशान करने लगा। घटना से दो दिन पहले लड़की के पिता ने उसे धमकाया था। तैश में आकर आरोपी ने घर में घुसकर लड़की के माता-पिता को गोली मार दी।

पुलिस ने सबसे पहले आरोपी संस्कार को हिरासत में लिया
सोमवार रात झूलेलाल कॉलोनी में राजेश वाधवानी और उनकी पत्नी को आरोपियों ने गोली मारी थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को इस कहानी में घर का ही कुछ कनेक्शन लग रहा था। पुलिस ने जब घायल दंपती की बेटी से पूछताछ की तो मामला सामने आ गया। पुलिस ने सबसे पहले आरोपी संस्कार को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने अपने दोस्त समीर के साथ इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।

पिस्टल कहां से खरीदी, पूछताछ जारी
थाना प्रभारी जनकगंज संतोष सिंह यादव का कहना है कि व्यापारी दंपती पर हमला करने वाले दोनों युवकों को पकड़ लिया गया है। एकतरफा प्रेम और बदला लेने की नीयत से यह हमला किया था। दोनों से दो पिस्टल बरामद की गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि यह पिस्टल उन्होंने कहां से खरीदी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *