उत्तर प्रदेश में जीका वायरस तेजी से पैर पसार रहा, मरीजों की संख्या 106 पहुंची

कानपुर. कोरोना के बाद अब उत्तर प्रदेश में जीका वायरस तेजी से अपने पैर पसार रहा है, अब तक यहां सवंमित मरीजों की संख्या 106 पहुंच गई है। इस दौरान कानपुर पहुंचे उप्र के सीएम ने जीका के बढ़ते प्रकोप का जायजा लिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 1 महीने में जीका वायरस के 105 मामले दर्ज किये गये है जिनमें से 17 ठीक हो गये हैं। शहर के 5 वार्ड इस वायरस के संक्रमण से विशेष रूप से प्रभावित थे लेकिन स्थानीय प्रशासन एवं नगर निगम सहित अन्य एजेंसियों के सामूहिक प्रयासों की मदद से निगरानी एवं स्वच्छता अभियान को तेज कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में कोरोना संक्रमण के बाद डेंगू और वायरल ने आम जनता को त्रस्त कर रखा था। अभी इनका प्रकोप खत्म भी नहीं हुआ था कि जीका वायरस ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए। अब तक कानपुर में संक्रमितों की संख्या 105 पहुंच गई है। वहीं, कन्नौज में पहले से भी एक मामला सामने आया था जिससे कुल मामलों की संख्या 106 पहुंच गई है। प्रदेश सरकार लगातार इसपर नजर बनाये हुए है।

क्या है जीका वायरस
जीका वायरस एडीज मच्छरों से फैलता है। ये उसी प्रजाति का मच्छर है जो डेंगू और चिकनगुनिया वायरस को फैलाता है। जीका वायरस की पहचान सबसे पहले 1947 में युगांडा के बंदरों में की गई थी तब अफ्रीका, एशिया, प्रशांत द्वीप समूह और दक्षिण और मध्य अमेरिका के लोग इससे काफी प्रभावित हुए थे। साल 2015-16 में अमेरिका ने जीका वायरस को महामारी घोषित कर दिया था। एडीज की कई प्रजातियां जीका वायरस को फैलाती हैं, लेकिन एडीज एल्बोपिक्टस (एशियाई बाघ मच्छर) और एडीज इजिप्टी (पीला बुखार मच्छर) इनमें मुख्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *