भोपाल में 80 हॉस्पिटल-नर्सिंग होम को एनओसी नहीं, फायर सेफ्टी के इंतजाम भी नहीं

भोपाल. हमीदिया हॉस्पिटल कैंपस स्थित कमला नेहरू बिल्डिंग में आग लगने के बाद हॉस्पिटल, नर्सिंग होम और कमर्शियल-रेसीडेंशियल बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि जिस बिल्डिंग में घटना हुई, वहां आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे। इस कारण नवजात बच्चों को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद अब जिम्मेदार जागे हैं। बिल्डिंगों में फायर ऑडिट कराने का दावा किया जा रहा है। भोपाल में 80 अस्पताल और नर्सिंग होम ऐसे हैं, जिन्हें एनओसी जारी नहीं हो पाई है। समझा जा सकता है कि यहां आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम नहीं है।

410 संस्थाओं को फायर एनओसी जारी की गई
नगर निगम के आंकड़ों की मानें, तो अब तक 410 संस्थाओं को फायर एनओसी जारी की गई है। इनमें 150 हॉस्पिटल और नर्सिंग होम शामिल हैं। वहीं, करीब 80 अस्पताल, नर्सिंग होम व अन्य बिल्डिंगें हैं, जिनकी एनओसी की प्रोसेस जारी है। यानी ये बिना एनओसी के ही चल रहे हैं। अब इन बिल्डिंगों में आग बुझाने के इंतजाम कितने हैं, यह बताना भी मुश्किल है। खुद निगम अधिकारी ही कुछ बताने से बच रहे हैं।

फिर से दौरा करेंगे अफसर
हमीदिया हादसे के बाद एक बार फिर से नगर निगम के अफसर हॉस्पिटल और नर्सिंग होम समेत अन्य बिल्डिंगों का दौरा करेंगे। इस संबंध में निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने विधानसभा वार फायर स्टेशन प्रभारी और फायर कंसल्टेंट को टीम के साथ दौरा करने और आग बुझाने के इंतजामों की हकीकत देखने को कहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *