कटोराताल, फसाड़ लाईटिंग के कुछ हिस्सों के लोकार्पण के लिए सीएम शिवराज सिंह काे आमंत्रण पत्र भेजा, हेरिटेज थीम पर होगा लेजर शो

ग्वालियर. शहर के पर्यटन स्थलों में से एक कटोराताल बनकर तैयार है, लेकिन इसके गेट पर ताला लगा हुआ है, क्योंकि इसे खुलने में सिर्फ लोकार्पण की बाधा आड़े आ रही है। स्मार्ट सिटी ने कटोराताल, फसाड़ लाईटिंग के कुछ हिस्सों के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आमंत्रण पत्र भेजा है। ग्वालियर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रवास होते ही इन सभी कार्यों का लोकार्पण कर इन्हें शहर की जनता के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि कटोराताल में प्रवेश व म्यूजिक फाउंटेन का लुत्फ उठाने के लिए शहरवासियों को कुछ पैसे खर्च करने होंगे, क्योंकि संभवत: अब कटोराताल के अंदर प्रवेश के लिए टिकट लगाया जाएगा। हालांकि कितना टिकट लगेगा यह अभी फायनल नहीं हुआ है।

म्यूजिकल फाउंटेन का ट्रायल किया जो कि सफल रहा
स्मार्ट सिटी ने करीब पांच करोड़ की लागत से कटोराताल का सुंदरीकरण व म्यूजिकल फाउंटेन लगवाया है। स्मार्ट सिटी द्वारा इस म्यूजिकल फाउंटेन का ट्रायल किया जा चुका है जो कि सफल रहा। इसके बाद कटोराताल को जनता के लिए लोकार्पित करना शेष रहा गया है, लेकिन अभी तक माननीयों से समय नहीं मिल पाने के कारण कटोराताल के गेट पर स्मार्ट सिटी का ताला लगा हुआ है और आमजन सुबह व शाम की सैर के लिए कटोराताल में नहीं जा पा रहे हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो कि कटोराताल पर सुबह की सैर के साथ योगाभ्यास भी करते थे, क्योंकि कटोराताल के अंदर बैठने व योगा आदि करने की सुविधायुक्त जगह हैं। साथ ही यहां पर दुबा लगी होने के कारण यहां पर लोग सुबह के समय गिरी ओस पर नंगे पैर चलकर अपने शरीर को स्वस्थ रखा करते थे।

सप्ताह के 6 दिन हेरिटेज थीम पर 30 मिनट हिन्दी व अंग्रेजी का लेजर शो होगा
वीर सावरकर सरोवर (कटोराताल) में लगाए गए म्यूजिकल फाउंटेन के संगीत व डिजायन में हेरिटेज थीम का विशेष ख्याल रखा गया है। इस संगीत में ग्वालियर के ऐतिहासिक गौरव की झलक दिखेगी। इसके साथ ही फाउंटेन के द्वारा सप्ताह के छह दिन हेरिटेज थीम पर 30-30 मिनट हिन्दी व अंग्रेजी का लेजर शो भी किया जाएगा। यहां पर चलने वाले लेजर शो के आयोजन पुरातन और नूतन के अद्भुत समागम का उदाहरण पेश करेगा। इस आधुनिक फाउंटेन को कंट्रोल रूम से संचालित किया जाएगा। इसे लगाने वाली कंपनी इसका पांच साल तक मेंटेनेंस व आपरेट करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *