आतिशबाजी के बाद मप्र में सबसे ज्यादा प्रदूषण ग्वालियर में रिकॉर्ड किया गया
ग्वालियर. दिवाली की आतिशबाजी के कारण मध्यप्रदेश में कुछ शहरों की हवा खराब हो गई। यहां प्रदूषण का स्तर 250 के पास पहुंच गया। सबसे ज्यादा प्रदूषण ग्वालियर में रिकॉर्ड किया गया। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 257 पर पहुंच गया जबकि जबलपुर में 247 और भोपाल में 246 रहा। इंदौर में भी प्रदूषण का स्तर 143 से बढ़कर 192 तक पहुंच गया। पिछले सात दिनों के मुकाबले दिवाली की रात पॉल्यूशन पिछले साल जैसा रहा। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की चेतावनी के बाद ग्वालियर और सिंगरौली में पटाखे जलाने पर रोक लगाई थी। प्रदेश में सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने के आदेश दिए गए थे उसके बाद भी प्रदूषण पिछले साल की तरह ही रहा।
केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख शहरों में प्रदूषण पर नजर रखने के लिए आधुनिक कंप्यूटरीकृत सिस्टम लगाए हैं। यह हर सेकेंड की जानकारी ऑनलाइन फीड करते हैं। प्रदेश में यह सिस्टम भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, सागर, दमोह, कटनी, पीथमपुर, सतना, मैहर, सिंगरौली, देवास, मंडीदीप, रतलाम और उज्जैन में लगाए गए हैं।
प्रशासन ने जनता को ग्रीन पटाखे फोड़ने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने शासन को पत्र लिखकर कई शहरों में पटाखे जलाने पर रोक लगाने और शहर में पटाखे जलाने के लिए समय निर्धारित का अनुरोध किया था। इसके बाद बाद जिला प्रशासन द्वारा नई गाइडलाइन भी जारी की गई थी, हालांकि उसका असर दिखता नजर नहीं आया। दिवाली की शाम 6 बजे से शुरू हुई आतिशबाजी देर रात तक चलती रही। इस कारण रात 10 बजे से प्रदूषण का स्तर बढ़ना शुरू हुआ। कई जगह तो यह रात 2 बजे तक 500 को पार कर गया था। हालांकि सुबह 6 बजे के बाद यह घटना शुरू हुआ।
