गुना में सड़क हादसे में 3 की मौत, शाजापुर से ग्वालियर के लिए निकला था परिवार

ग्वालियर. गुना में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। दिवाली मनाने जा रहे दो परिवारों के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 11 महीने की बच्ची भी शामिल है। शाजापुर में तैनात दो कॉन्स्टेबल के परिवार के साथ हादसा हुआ। हादसे में एक कॉन्स्टेबल और दूसरे कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी ने दम तोड़ दिया। दोनों कॉन्स्टेबल एक कार से शाजापुर से ग्वालियर के लिए निकले थे। जिले के बीनागंज में बेरखेड़ी गांव के पास उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पुलिया में जा गिरी। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सुबह 4 बजे दोनों परिवार के साथ ग्वालियर के लिए निकले
शाजापुर जिले के कालापीपल में तैनात आरक्षक नीरज शर्मा और इकोदिया थाने के देवेंद्र दुबे मुरैना और ग्वालियर के रहने वाले थे। दोनों अपने परिवार के साथ शाजापुर में ही रहते थे। दोनों की आपस में दोस्ती थी। बुधवार सुबह 4 बजे दोनों परिवार के साथ कार से ग्वालियर के लिए निकले। नीरज शर्मा कार चला रहे थे। देवेंद्र उनके पास बैठा थे। दोनों की पत्नियां और बच्चे पीछे की सीट पर बैठे थे। बेरखेड़ी के पास नीरज को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकरा गई। टकराने के बाद कार दूसरी तरफ पुलिया में जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कॉन्स्टेबल देवेंद्र दुबे (26) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी पत्नी वैशाली दुबे (26) गंभीर रूप से घायल हो गई। कार चला रहे आरक्षक नीरज (35) इस हादसे में गंभीर घायल हो गए। उनकी पत्नी अलका शर्मा (34) और बेटी प्रियांशी (11 माह) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनका बेटा अनमोल (7) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दो शव को रात में बीनागंज अस्पताल में पीएम के लिए भेजा गया। बच्ची के शव को जिला अस्पताल में भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *