ओ एम जी-2 शूटिंग के लिए किराए पर आपत्ति, महाकालेश्वर मंदिर से जुड़े पंडित बोले किराया कम है, प्रोटोकॉल राशि नहीं जोड़ी
उज्जैन. महाकालेश्वर मंदिर में 23 अक्टूबर से शुरू हुई ओ एम जी-2 की शूटिंग के लिए मंदिर समिति को सिर्फ 51 हजार रुपए किराया मिला है। मंदिर से जुड़े पंडित मनोज शर्मा ने इस पर आपत्ति जताई है, उनका कहना है कि मूवी का बजट करोड़ों रुपए है फिर भी किराए की ये राशि बहुत कम है। प्रोटोकॉल के रुपए भी नहीं लिए जा रहे।
फिल्म स्टार अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म की शूटिंग 23 अक्टूबर से शुरू की गई है। मंदिर परिसर में 21 अक्टूबर से ही सेट लगाना शुरू कर दिया था। फिल्म यूनिट करीब 7 दिनों तक मंदिर परिसर और गर्भ गृह समेत नंदी हॉल और गणेश मंडपम समेत कार्तिक मंडपम में शूटिंग करेगी। फिल्म यूनिट इन सब के लिए मंदिर समिति से बाकायदा परमिशन लेकर अग्रिम 51 हजार रुपए भुगतान कर दिया है। फिल्म में अक्षय कुमार के होने के चलते मंदिर समिति यूनिट के लिए हर तरह के इंतजाम कर रही है। यहां तक कि अपने कर्मचारियों को भी शूटिंग का हिस्सा बना दिया है। हालांकि इसका कोई अतिरिक्त किराया या राशि अथवा प्रोटोकॉल राशि नहीं ली जा रही है।
100 से ज्यादा लोग वीआईपी गेट से आ-जा रहे
शूटिंग के दौरान मंदिर परिसर में आने-जाने के लिए 100 से ज्यादा कर्मचारियों की यूनिट और सहायक कलाकारों को मंदिर में आने-जाने की अनुमति है। यूनिट से प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर एक भी रुपया नहीं लिया गया है, जबकि पूरी यूनिट रोजाना महाकाल के दर्शन करने वीआईपी गेट से आ-जा रही है।
मंदिर से जुड़े पंडित ने जताई आपत्ति
मंदिर से जुड़े पंडित मनोज शर्मा का कहना है कि पहली बात तो मंदिर परिसर को किराए पर नहीं दिया जाना चाहिए। फिर भी अगर फिल्म के लिए दिया है, तो 51 हजार रुपए की राशि बहुत कम है। शूटिंग के लिए नियमानुसार किराया वसूला जाना चाहिए। साथ ही, प्रोटोकॉल के दर्शन की राशि भी वसूली जानी चाहिए। शर्मा का कहना है कि इसके लिए वह कलेक्टर से मांग भी करेंगे।

