मप्र उपचुनाव में कांग्रेस को झटका, विधायक सचिन बिरला भाजपा में शामिल
खंडवा. लोकसभा उपचुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। खरगोन जिले की बड़वाह से विधायक सचिन बिरला बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सनावद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा में पहुंचकर बीजेपी की सदस्यता ले ली। बिरला को बीजेपी में लाने में मांधाता विधायक नारायण पटेल की अहम भूमिका बताई जा रही है। पटेल गुर्जर समाज से आते हैं, जबकि 27 अक्टूबर को खरगोन में कांग्रेस नेता सचिन पायलट की सभा होने वाली है।
दिग्विजय सिंह ने कहा शाह, मोदी और मामू को नकेल डालने की जरूरत
खंडवा उपचुनाव में रविवार को मध्यप्रदेश राजनीति के राजा-महाराज चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। एक-दूसरे के कट्टर विरोधियों का यह पहला चुनावी दौरा है। खंडवा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजयसिंह ने कहा कि सबक सीखाने का समय है। हल हांकते हो तो बैल के नकेल डालते हो की नहीं, ये छूटा सांड हो गए हैं शाह, मोदी और मामू (शिवराज सिंह चौहान)। इनमें नकेल डालने की जरूरत है। नकले कब डलेगी? 30 को चुनाव में कांग्रेस के बटन दबाने से होगी नहीं तो और खाद महंगा कर देंगे, उन्हें लगाता है ये मर जाएंगे, लेकिन वोट हमें ही देंगे। आप बताइए नकेल नहीं डालना है कि नहीं डालना है।
