कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, आम नागरिक के हत्यारे सहित 2 आतंकी मारे गए

जम्मू-कश्मीर. सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सेना ने बुधवार को 2 आतंकियों को मार गिराया है। इनमें से एक की पहचान आदिल आह वानी के तौर पर हुई है। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि आदिल जुलाई 2020 से घाटी में सक्रिय था। उसने आम लोगों की हत्या की थी। आदिल ने पुलवामा के गरीब मजदूर सगीर अहमद की हत्या की थी। पिछले 2 हफ्ते के अंदर कश्मीर में 15 आतंकियों को मारा जा चुका है।

सर्च ऑपरेशन के बीच आतंकियों ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक उन्हें शोपियां के द्रगड़ इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। सुरक्षाबलों के सर्च ऑपरेशन शुरू करने पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। दूसरे आतंकी की पहचान की जा रही है।

लश्कर-ए-तैयबा के 6 आतंकी ढेर
इससे पहले सेना ने राजौरी में लश्कर-ए-तैयबा के 6 आतंकियों को ढेर किया था। सेना के अफसरों ने आतंकियों से निपटने के लिए नई रणनीति बनाई है। इसके तहत इंतजार करो, आतंकियों को गांव तक आने दो, फिर उन पर टूट पड़ो की नीति पर अमल किया जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में लश्कर के 9 से 10 आतंकी पाकिस्तान से राजौरी-पुंछ जिले के जंगलों में आए थे। इनके अलावा भी कई बार घुसपैठ की कोशिशें हुईं, लेकिन सेना ने उन्हें नाकाम कर दिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *