मुंबई ड्रग्स पार्टी केस में एनसीबी ने शाहरूख खान के बेटे आर्यन को गिरफ्तार किया
मुंबई. हाई प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी के सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन को अरेस्ट कर लिया है। अब तक उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। इस मामले में 3 लड़कियों समेत 7 लोग अब भी हिरासत में हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि ड्रग पैडलर को भी पूछताछ के लिए एनसीबी ऑफिस लाया गया है। यह ड्रग्स पार्टी मुंबई के पास ‘कॉर्डेलिया द इम्प्रेस’ क्रूज पर चल रही थी जिस वक्त एनसीबी ने छापा मारा, उस वक्त पार्टी में 600 लोग शामिल थे। एनसीबी सूत्रों के मुताबिक आर्यन भी उस क्रूज पर मौजूद थे, जहां यह रेव पार्टी चल रही थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने ड्रग्स ली थी या नहीं। एनसीबी ने रेव पार्टी के ऑर्गेनाइजर्स को पूछताछ के लिए बुलाया है।
फिलहाल एनसीबी इन लोगों से पूछताछ कर रही है
मुनमुन धमेचा, नुपुर सारिका, इस्मीत सिंह, मोहक जसवाल, विक्रांत छोकर, गोमित चोपड़ा, आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट
दो हफ्ते की इन्वेस्टिगेशन के बाद मारी रेड
एनसीबी प्रमुख एसएन प्रधान ने बताया कि दो हफ्ते की इन्वेस्टिगेशन के बाद हम यह रेड कर पाए। इसमें बॉलीवुड के कई लोगों के लिंक सामने आए हैं। हम निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई कर रहे हैं। अगर इस प्रक्रिया में बॉलीवुड या अमीर लोगों से कोई कनेक्शन सामने आता है तो आने दीजिए। हम कानून के दायरे में रहकर काम करेंगे। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनसे मिलने वाली जानकारी के आधार पर हम आगे और भी छापेमारी करेंगे। पिछले एक साल में हमने मुंबई में ही 300 से ज्यादा रेड की हैं। ये छापेमारियां जारी रहेंगी, फिर चाहे इसमें विदेशी, फिल्म इंडस्ट्री के लोग या अमीर लोग शामिल हों। हमारा लक्ष्य देश को ड्रग्स मुक्त बनाना है।

