जयपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और वैन की भिड़ंत में 6 की मौत

जयपुर. चाकसू में शनिवार सुबह एनएच-12 निमोडिया मोड़ पर ट्रक और वेन की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को चाकसू के सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मारे गए सभी लोग वैन में सवार थे। इनमें वैन का ड्राइवर भी शामिल है बाकी 5 लोग बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के गौरधनपुरा नयापुरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो रीट की परीक्षा देने सीकर जा रहे थे। वैन में करीब 11 लोग सवार थे।

यह हादसा निमोडिया कट के पास हुआ। एक ईको वैन बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसी। घटना में 5 लोग घायल हुए हैं। इनका महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। एक परीक्षार्थी की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। बाकी दो घायलों का चाकसू हॉस्पिटल में और दो का महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख का मुआवजा दिया जाएगा
मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। सीएम अशोक गहलोत ने अपील की है कि सभी अभ्यर्थी यात्रा करते हुए सावधानी रखें। तेज गति और असावधानीपूर्ण तरीके से वाहन न चलाएं। यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। कोई भी परीक्षा आपके जीवन से बड़ी नहीं हो सकती है।

इन 6 लोगों की मौत हुई

विष्णु नागर, निवासी बड़ोद बारां
तेजराज उर्फ राजेंद्र मेघवाल, निवासी कसमपुरा अटरू बारां
सत्यनारायण, निवासी गोवर्धनपुर सालपुरा बारां
वेद प्रकाश, निवासी हनुमंत खेरी गुजरान
सुरेश, निवासी गोवर्धनपुर कवाई सालपुरा
दिलीप मेहता, निवासी गोवर्धनपुर कवाई सालपुरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *