ग्वालियर में बर्थ-डे पार्टी में तमंचे पर डिस्को, राइफल से गोलियां चलाते दिखे युवक

ग्वालियर. शहर में राइफल से फायरिंग के बीच डांसर के नाचने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें स्टेज पर एक लड़की ठुमके लगा रही है और उसके पास कुछ लड़के नोट उड़ा रहे हैं। दो युवक राइफल हाथ में लेकर गोलियां चला रहे हैं। वीडियो शुक्रवार शाम को सामने आया है पुलिस इसकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में इतना पता लगा है कि यह वीडियो मुरार के सिंहपुर रोड पर 19 सितंबर की रात का है। यहां जिला पंचायत सदस्य के बेटे का बर्थ डे समारोह था। पुलिस अफसरों का कहना है कि वीडियो में कहीं भी जिला पंचायत सदस्य नहीं दिख रहे हैं। वीडियो में गोली कौन चला रहा था उन युवकों की पहचान करने जा रहे हैं। पुलिस ने अभी इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।

शुक्रवार को वीडियो में एक डांसर ‘तेजी आंखों का यह काजल’ सॉन्ग पर जमकर ठुमके लगा रही है। पास ही खड़ा एक युवक उस पर नोटों की बौछार कर रहा है। इतना ही नहीं इसी समय स्टेज पर एक युवक साइड में आकर खड़ा होता है और राइफल से हवा में एक फायर कर देता है। गोली की आवाज सुनने के बाद भी लड़की ठुमके लगाती रहती है और दूसरा युवक उस पर नोट उड़ाता जा रहा है। इसके बाद वहां एक और युवक आता है। वह स्टेज के नीचे खड़ा है और उसके पास भी एक राइफल है। कुछ सेकंड के बाद वह भी राइफल से गोली चला देता है पर वहां स्टेज का माहौल नहीं बदलता है। जब यह वीडियो शहर में चर्चा बना तो पुलिस अफसरों तक पहुंचा। वीडियो के बारे में पुलिस ने जानकारी जुटाई है।

जिला पंचायत सदस्य के घर का बताया जा रहा है वीडियो
जब पुलिस ने छानबीन की तो पता लगा कि यह वीडियो मुरार के सिंहपुर रोड निबुआपुरा निवासी जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह परिहार के घर का है। 19 सितंबर को उनके बेटे आकाश का जन्मदिन था। उस दौरान यह कार्यक्रम हुआ था। उसी समारोह में गोली चलने का पता लगा है। मुरार थाना के टीआई शैलेन्द्र भार्गव का कहना है कि यह सही है कि वीडियो जिला पंचायत सदस्य के घर का है। पर वह वीडियो में कहीं भी नहीं दिख रहे हैं। गोली चलाने वाले कौन हैं यह पता कर रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *