सोनू सूद पर लगातार दूसरे दिन आईटी रेड जारी, ऑफिस-होटल समेत 6 ठिकाने जांच के दायरे में, कल 20 घंटे तक फाइनेंशियल रिकॉर्ड खंगाले गए
नई दिल्ली. अभिनेता सोनू सूद पर इनकम टैक्स की कार्रवाई गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी है। बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक इन ठिकानों पर आईटी की टीमों ने लगातार 20 घंटे तक अकाउंट बुक्स, इनकम, खर्च और फाइनेन्शियल रिकॉर्ड्स की जांच की थी। गुरुवार सुबह एक छोटे से ब्रेक के बाद जांच टीम फिर से रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई है।
स्टाफ और परिवार से पूछताछ की गई
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने अभिनेता के घर पर मौजूद उनके परिवार और स्टाफ के लोगों से भी पूछताछ की है। अभिनेता के घर से अधिकारी कुछ फाइलें और कागजात भी अपने साथ ले गए हैं। कोरोना काल में सोनू सूद ने हजारों लोगों की मदद की। इनका एक एनजीओ भी चल रहा है, जिसका नाम ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ है। यह एनजीओ हेल्थकेयर, एजुकेशन, नौकरी और तकनीकी एडवान्समेंट पर काम करता है। आईटी अधिकारियों यहां भी जाकर जांच की है। जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग ‘एक रियल एस्टेट सौदे की जांच कर रहा है।’
कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार ने ब्रांड एम्बेसडर बनाया
बीते 27 अगस्त को ही दिल्ली सरकार ने सोनू सूद को स्कूली छात्रों से जुड़े प्रोग्राम का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। इस दौरान उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने की अटकलें भी चली थीं, पर सोनू ने खुद कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी सियासत पर कोई बात नहीं हुई। सोशल मीडिया में चर्चा जारी है कि सूद को पार्टी के साथ जुड़ने के कारण टारगेट किया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने किया ट्वीट
इस रेड के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोनू सूद के समर्थन में ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है, सच्चाई के रास्ते पर लाखों मुश्किलें आती हैं, लेकिन जीत हमेशा सच्चाई की ही होती है। सोनू सूद जी के साथ भारत के उन लाखों परिवारों की दुआएं हैं, जिन्हें मुश्किल घड़ी में सोनू जी का साथ मिला था।
