दाल बाजार एवं लोहिया बाजार में यातायात वन-वे किया जाए -कलेक्टर

ग्वालियर शहर के यातायात प्रबंधन के लिये आयोजित बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने नगर निगम के अपर आयुक्त एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के विरूद्ध नाराजगी व्यक्त की । उन्होंने कहा कि यातायात सुगम हो, इसके लिये निगम और विद्युत विभाग तत्परता से कार्रवाई करे अन्यथा दण्डात्मक कार्रवाई के लिये तैयार रहें।
कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित यातायात प्रबंधन की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, एडीएम रिंकेश वैश्य, एएसपी हितिका वात्सल्य, एसडीएम प्रदीप तोमर एवं नगर निगम के अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
दाल बाजार एवं लोहिया बाजार में यातायात वन-वे
बैठक में निर्णय लिया गया कि दाल बाजार एवं लोहिया बाजार में यातायात वन-वे किया जाए। इसके साथ ही अस्पताल रोड़ पर अवैध रूप से पार्किंग करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग द्वारा क्रेन की आवश्यकता बताई जाने पर कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निगम की 2 और क्रेन पुलिस विभाग को सौंपी जाएं। इसके साथ ही जो क्रेन खराब है, उसको तत्काल ठीक कराने की कार्रवाई भी निगम करे।
अव्यवस्थित सीवर चेम्बर के फोटो प्रजेण्टेशन
यातायात में बाधित विद्युत पोल तथा सड़क पर अव्यवस्थित सीवर चेम्बर के फोटो प्रजेण्टेशन के माध्यम से दिखाए जाने पर कलेक्टर ने नगर निगम के अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निगम को यह अवरूद्ध दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने  राजेश श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि वे लिखित में बॉण्ड भरें कि यह कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करा लिया जाएगा।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय में सर्वाधिक यातायात में बाधक विद्युत पोलों को शिफ्ट करने की कार्रवाई करें। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *