काबुल में हाईजैक हुआ यूक्रेन का विमान, डिप्टी विदेश मंत्री येवगेनी येनिन ने दी जानकारी
नई दिल्ली. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में यूक्रेन के एक विमान को अज्ञात लोगों द्वारा हाईजैक कर लिया गया है। यूक्रेन के डिप्टी विदेश मंत्री येवगेनी येनिन ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि ‘रविवार को हमारे प्लेन को अज्ञात लोगों द्वारा हाईजैक कर लिया गया है। मंगलवार को इस विमान को ईरान ले जाया गया है, जिसमें अज्ञात लोग हैं। इस विमान में 87 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि हाईजैकर्स हथियारों से लैस थे। बता दें कि ये विमान यूक्रेनी नागरिकों को बाहर निकालने के लिए अफगानिस्तान पहुंचा था।
येवगेनी येनिन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यूक्रेनी लोगों को एयरलिफ्ट करने के बजाय विमान में सवार कुछ लोग इसे ईरान ले गए। हमारे तीन अन्य एयरलिफ्ट प्रयास सफल नहीं हो पाए, क्योंकि हमारे लोग एयरपोर्ट तक नहीं पहुंच पाए। फिलहाल उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है कि वे विमान को वापस लाने के लिए क्या प्रयास कर रहे हैं।
रविवार 22 अगस्त को 31 यूक्रेनी नागरिकों सहित 83 लोगों के साथ एक सैन्य विमान अफगानिस्तान से कीव पहुंचा था। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि इस विमान के जरिए 12 यूक्रेनी सैन्यकर्मियों की स्वदेश वापसी हुई है। इसके अलावा कुछ विदेशी पत्रकार और मदद मांगने वाले कुछ लोगों को भी बाहर निकाला गया है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि करीब 100 यूक्रेनी नागरिक अभी भी अफगानिस्तान से बाहर निकाले जाने के इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन अफगानिस्तान में तैनात अमेरिकी सैनिकों की वापसी के ऐलान किया था। इसके बाद से ही तालिबान ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुल्क पर कब्जा जमा लिया है।

