पूरे देश में वर्ष 2025 तक लगेंगे प्रीपेड स्मार्ट मीटर, बदल जायेगा बिजली के बिल पेमेंट का तरीका
नई दिल्ली. अब पूरे देश में, हर घर में स्मार्ट मीटर लगाये जायेंगे। इसे लेकर सरकार ने समय सीमा तय कर दी है। आपको बता दें कि बिजली मंत्रालय ने कुछ दिन पूर्व ही सरकार के सभी केन्द्रीय मंत्रालयों को सलाह दी थी कि वह अपने प्रशासनिक नियंत्रण वाले संगठनों को प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का निर्देश दें। ताकि अब बिजली मंत्रालय की ओर से इसे लेकर एक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद उम्मीद की जा रही है कि बिजली वितरण कंपनियों के वित्तीय हालत सुधरेगी। जो अभी तक बिजली बकाये बिल के बोझ तले दबी हुई हैं।
क्या है प्रीपेड स्मार्ट मीटर
प्रीपेड मीटर ठीक उसी तरह से काम करता है जैसे प्रीपेड मोबाइल, मतलब जितना पैसा उतनी बिजली । हालांकि देश के कई हिस्सों में प्रीपेड मीटर का इस्तेमाल होता है। जिसे रिचार्ज करना होता है. केंद्र सरकार के दफ्तरों, इंडस्ट्रियल यूनिट्स में प्रीपेड मीटर लगने के बाद इसे देश भर में लागू किया जाएगा। सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगा दिए जाएंगे। बिजली मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक कृषि को छोड़कर सभी जगह प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
मार्च 2025 तक पूरे देश में प्रीपेड स्मार्ट मीटर
बिजली मंत्रालय ने अपने नोटिफिकेशन में कहा है कि दिसंबर 2023 तक सभी ब्लॉक लेवल सरकारी दफ्तरों में स्मार्ट मीटर लगा दिया जाएगा। नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि राज्य बिजली आयोग इस डेडलाइन को 2 बार और अधिकतम 6 महीने के लिए बढ़ा सकते हैं । हालांकि इसके लिए उन्हें वाजिब कारण भी बताने होंगे । नोटिफिकेशन के मुताबिक, धीरे-धीरे पूरे देश में मार्च 2025 तक प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग जाएंगे।

