Latestराज्य

ग्वालियर के जंगल में हिरण का शिकार, शिकारी पुलिस को देख बाइक, बंदूक व शव छोड़कर भागे

ग्वालियर. ग्वालियर के हस्तिनापुर के जंगल में आदिवासी शिकारियों ने हिरण का शिकार किया है, शिकारी जब बोरे में हिरण का शव लेकर तस्करी करने जा रहे थे तभी अचानक हाईवे सिरसौद तिराहा पर पुलिस से उनका सामना हो गया। पुलिस को सामने देख हड़बडाहट में बोरा जमीन पर गिर गया और खुल गया, उसमें से हिरण का शव देखकर पुलिस ने बाइक सवारों को घेरा तो वह सब कुछ छोड़कर जंगल की ओर भागे। पुलिस ने दोनों शिकारी का जंगल में पीछा किया, करीब 40 मिनट बाद एक शिकारी को पकड़ लिया गया है लेकिन एक फरार हो गया। पकड़े गए शिकारी से पूछताछ की जा रही है। रात को शिकार करने की बात कही है। पुलिस ने शिकारी से एक बंदूक, बाइक व हिरण का शव बरामद कर लिया।

एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि हस्तिनापुर थाना से एएसआई झारखरिया अपनी टीम आरक्षक मुकेश व सीताराम के साथ गश्त कर रहे थे तभी सिरसौद तिराहा पर पहुंचे तो एक बाइक आती दिखाई दी। बाइक सवारों की नजर पुलिस पर पड़ी तो वह घबरा गए और हड़बडाहट में उनकी बाइक से एक बोरा सड़क पर आ गिरा। बोरा गिरते ही पुलिसकर्मियों की नजर बोरा पर गई तो उसमें से मृत हिरण दिखाई दिया। बोरा गिरते ही बाइक सवार अपनी बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों शिकारी का जंगल में पीछा किया, करीब 40 मिनट बाद एक शिकारी को पकड़ लिया गया।

जंगल में तलाश जारी
पकड़े आरोपी को थाने भेजने के साथ ही फरार आरोपी की तलाश में हस्तिनापुर थाना पुलिस की टीम जंगल में उतर कर सर्चिंग में लग गई लेकिन कई घंटे खाक छानने के बाद भी शिकारी हाथ नहीं आया है।

रात में किया था शिकार
पकड़े गए शिकारी ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि उन्होंने रात को ही इस हिरण का शिकार किया है। शिकार के बाद उसे बोरी में बंद कर तस्करी करने के लिए ले जा रहे थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस सामने आ गई। अब किसकों हिरण की डिलीवरी करनी थी यह पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *