बाढ़ का असर कम होते ही पुनर्वास पर शुरू हुई सियासत, आमने-सामने सत्ता और विपक्ष
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान ग्वालियर-चंबल अंचल में हुआ है. ग्वालियर-चंबल अंचल के सभी जिले बाढ़ की चपेट में आ गए. हजारों लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, तो बाढ़ से सभी जिलों में काफी नुकसान भी हुआ. लेकिन ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ के बाद अब पुनर्वास को लेकर राजनीति शुरू हो गई है.
बाढ़ का असर कम होने के बाद अब लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर लाने की जरूरत है. लेकिन बाढ़ का असर कम होते ही अब ग्वालियर-चंबल अंचल में सियासत भी शुरू हो गई है. विपक्षी पार्टी ने कांग्रेस ने सरकार पर बाढ़ के बाद उचित कदम नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए शिवराज सरकार को घेरा. तो बीजेपी ने भी मामले में विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया है.
सरकार के पास नहीं है कोई एक्शन प्लानः कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह
कांग्रेस ने सरकार पर बाढ़ पीड़ितों के लिए पुनर्वास को लेकर कोई एक्शन प्लान ना होने का आरोप लगाया है. कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री से लेकर सरकार में बैठे तमाम बड़े नेता बाढ़ के दौरान लगातार दौरे करते रहें जिससे कि प्रशासनिक अमला उनके ही प्रोटोकॉल में लगा रहा लेकिन अब तक पुनर्वास को लेकर कोई एक्शन प्लान तैयार नहीं किया है जिससे अब लोग परेशान हो रहे हैं. आरपी सिंह ने कहा कि जो लोग अब तक राहत शिविरों में रह रहे थे वह अब जब अपने घर पर लौट कर पहुंच रहे हैं तो पा रहे हैं उनका घर पूरी तरीके से टूट चुका है, गृहस्थी का सामान बर्बाद हो चुका है ऐसे में अब वह दो वक्त की रोटी के लिए भी मोहताज नजर आ रहे हैं. इसलिए अब सरकार को इस दिशा में काम करना चाहिए.
