ग्वालियर चंबल में बाढ़ प्रभावित इलाकों में बढ़ रहे बुखार, उल्टी, दस्त के मरीज, लगाए स्वास्थ्य शिविर, बांटी दवाइयां
ग्वालियर. बाढ़ का पानी उतरने के बाद गांव में नई चुनौतियां और परेशानियां खड़ी हो रही हैं। अब वहां जीवन का संकट है। बाढ़ के बाद सबसे ज्यादा समस्या स्वास्थ्य और राशन की है। राशन बांटना शुरू कर दिया गया है, लेकिन स्वास्थ्य को लेकर अभी इंतजाम कम हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बुखार, उल्टी, दस्त के मरीज मिल रहे हैं। प्रशासन ने राहत कैंप के अलावा गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाए हैं। लोगों को दवाएं दी जा रही हैं। साथ ही प्रशासन लगातार गांव पर नजर रखे हुए हैं। लोग रात राहत कैंप में गुजारते हैं, लेकिन दिन में अपनी डूबी गृहस्थी को संवारने में में लगे हैं। कुल मिलाकर सामान्य होते हालात में आम लोगों से लेकर प्रशासन की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों में जलभराव से हुए नुकसान का सर्वे भी तेजी से शुरू हो गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने के साथ-साथ तत्काल मदद के लिए विशेष शिविर भी लगाए गए हैं। डबरा विकासखंड के बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर, पशु चिकित्सा शिविर और पेयजल स्त्रोतों का शुद्धिकरण कर लोगों को साफ पानी मुहैया कराने के लिए शिविर लगाए गए। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने निर्देश दिए हैं कि शिविरों का सिलसिला लगातार जारी रखें। शिविर प्रभावी ढंग से लगाए जाएं जिससे बीमारियों को पनपने से रोका जा सके।
डबरा के बाढ़ प्रभावित गांव पंचायत बीजक पुरा के मजरा इमली का डेरा, गजा पुर का डेरा, बरौआ, रायपुर व सिलेटा आदि में स्वास्थ्य शिविर, पशु चिकित्सा शिविर एवं पीएचई के शिविर लगाए हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित की गई। इसी तरह पशुओं का भी उपचार किया गया। बाढ़ प्रभावित गांव में लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए कुआं व हैंडपंप सहित अन्य पेयजल स्त्रोतों का क्लोरीनीकरण कर शुद्धिकरण किया गया। इसी तरह अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों में भी लोगों की तात्कालिक मदद के लिए विशेष शिविर लगाए गए ।
