केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह पर कीचड़ फेंकने के बाद श्योपुर के कलेक्टर-एसपी को हटाया

श्योपुर. ग्वालियर-चंबल अंचल में आई बाढ़ के बाद प्रदेश सरकार ने पहली बड़ी कार्रवाई की है। श्योपुर में हालातों पर तत्काल नियंत्रण नहीं कर पाने और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के वाहन पर कीचड़ फेंकने के मामले में कलेक्टर राकेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी संपत उपाध्याय काे रविवार को हटा दिया गया है। श्योपुर के नए कलेक्टर 2013 बैच के आईएएस  शिवम वर्मा होंगे। शिवम वर्मा अभी ग्वालियर नगर निगम में आयुक्त हैं, जबकि अनुराग सुजानिया को श्योपुर का नया एसपी बनाया गया है। रविवार सुबह भोपाल से तबादला के आदेश जारी हो गए हैं। जिन जिलों में बाढ़ ने तबाही मचाई है अभी वहां इस तरह की और भी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

शनिवार केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर जब श्योपुर के दौरे पर पहुंचे थे तभी बड़े स्तर पर प्रशासनिक और पुलिस की लापरवाही सामने आई। केन्द्रीय मंत्री पर लोगों का गुस्सा फूटा था। गुस्से में लोगों ने मंत्री की गाड़ी तक पर कीचड़ फेंक दिया था। रविवार को सामान्य प्रशासन विभाग से जारी सूची में श्योपुर कलेक्टर के तबादला कर उनको उप सचिव मध्य प्रदेश शासन बनाया गया है, जबकि 2013 बैच के आईएएस और अभी नगर निगम ग्वालियर के आयुक्त शिवम वर्मा को श्योपुर कलेक्टर बनाया गया है। वहीं अनुराग सुजानिया ग्वालियर में आईएजी (महिला अपराध) थे जबकि संपत उपाध्याय को पुलिस मुख्यालय भोपाल आईएजी बनाकर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *