इंजीनियर का चालान काटा तो सब इंस्पेक्टर को चाकू घोंपा

भोपाल. भोपाल में नो पार्किंग को लेकर चालान काटने पर एक युवक ने ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना एमपी नगर के क्राइम ब्रांच थाना परिसर के पास शनिवार शाम की है। यहां ट्रैफिक SI ने नो पार्किंग में खड़ी बाइक का 600 रुपए जुर्माना वसूला था। इसी बात से नाराज बाइक मालिक ने एसआई के पेट में चाकू घोंप दिया। आरोपी युवक इंजीनियर है। आरोपी के पिता श्योपुर में नापतौल विभाग में इंस्पेक्टर हैं।

एमपी नगर थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया कि श्रीराम दुबे ट्रैफिक थाना में एसआई हैं। उनकी ड्यूटी क्रेन में लगी है। क्रेन एमपी नगर इलाके में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को उठाती है। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे कोलार इलाके में रहने वाले इंजीनियर हर्ष मीणा (27) की ज्योति टॉकीज के पास नो-पार्किंग में बाइक खड़ी थी। ट्रैफिक पुलिस की क्रेन इसे उठाकर क्राइम ब्रांच थाना परिसर ले आई। थोड़ी देर बाद हर्ष क्राइम ब्रांच थाना परिसर पहुंचा।

दुबे से 600 रुपए का चालान भरने के बाद ही गाड़ी छोड़ने की बात कही। हर्ष के पास पैसे नहीं थे। ऐसे में वह घर से पैसे लेने चला गया। करीब सवा पांच बजे वह वापस आया। यहां चालान कटवाया इसके बाद वह वहीं खड़ा रहा। इसी बीच दुबे फोन पर बात करने लगे तभी हर्ष ने जेब से चाकू निकाला और उनके पेट में घोंप दिया। शोर सुनकर मौके पर मौजूद क्रेन के हेल्पर हर्ष को पकड़ने दौड़े। वह एमपी नगर थाने की तरफ भागा। थाने के सामने ही उसे हेल्परों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

मैकेनिकल से की पढ़ाई, फिलहाल बेरोजगार
हर्ष मैकेनिकल इंजीनियर है फिलहाल वह बेरोजगार है। भोपाल में वह अपनी मां के साथ रहता है। उसके पिता सरनाम सिंह श्योपुर में नापतौल विभाग में इंस्पेक्टर हैं। टीआई सुधीर ने बताया कि आरोपी ने जिस चाकू से हमला किया है। वह चाकू उसने ऑनलाइन मंगाया था। पूछताछ के दौरान आरोपी थाने में अजीब हरकत करता रहा। ट्रैफिक पुलिस की क्रेन के हेल्पर जीतू सरोले ने बताया कि युवक चालान भरने के बाद करीब 15 मिनट तक क्रेन के पास ही खड़ा था। श्रीराम दुबे ने उसे घर जाने के लिए बोला, लेकिन वह नहीं गया। जैसे ही श्रीराम सड़क की तरफ फोन पर बात करते हुए आए, उसी दौरान पीछे से आए युवक ने हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *