नशे में चूर लड़कियों ने कार से डिलीवरी बॉय को कुचला

इंदौर. इंदौर की एबी रोड पर देर रात नशे में चूर लड़कियों की कार तीन पलटी खाकर स्विगी के डिलीवरी बॉय को टक्कर मार उसके सिरे के ऊपर से गुजर गई। इस हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। कार ड्राइव कर रही लड़की ने इतनी शराब पी रखी थी कि उससे ठीक से खड़े भी नहीं हुआ जा रहा था। उसकी तीन दोस्तों का भी यही हाल था। घटना राजेंद्र नगर थाना इलाके की है। हादसे के बाद भीड़ ने चारों लड़कियों को घेर लिया। कार में तोड़फोड़ कर दी इसके बाद पुलिस ने उन्हें छुड़ाया।

राजेंद्र नगर टीआई अमृता सोलंकी ने बताया कि मृतक की पहचान देवीलाल (39) के रूप में हुई है। कार विजयनगर से ट्रेजर टाउन की ओर जा रही थी। राजेंद्र नगर ब्रिज के पास बाइक पर जा रहे डिलीवरी बॉय को कार ने टक्कर मारी। इसके बाद कार उसके सिर के ऊपर से गुजर गई। पुलिस के मुताबिक कार एमआईजी में रहने वाली गार्गी माहेश्वरी चला रही थी। गाड़ी नितिन माहेश्वरी के नाम से रजिस्टर्ड है उसके साथ उसकी तीन सहेलियां भी कार में थीं। चारों किसी पार्टी से होकर आ रही थी।

राहगीर बोले- नशे में थी लड़कियां
हादसे के बाद भीड़ ने कार को घेर लिया। लड़कियों के परिजन मौके पर पहुंचे, तो लोगों ने उनकी कार को भी रोक लिया। लोग लड़कियों को थाने लेकर चलने की बात करने लगे। पुलिस लड़कियों को थाने ले गई। शुरुआत में पुलिस ने तीन लड़कियों के नाबालिग होने की बात कही। बाद में पता चला कि सभी कॉलेज स्टूडेंट हैं और बालिग हैं। लड़कियों की कार की स्पीड इतनी तेज थी कि तीन पलटी खाने के बाद डिलीवरी बॉय पर गिरी। लड़कियां इतनी नशे में थीं कि वे कार से निकल भी नहीं पा रहीं थी। टीआई के मुताबिक तीन लड़कियां ट्रेजर टाउनशिप में रहती हैं। गार्गी विजयनगर में पार्टी करने के बाद उन्हें ही छोड़ने जा रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *