बाढ़ से हुई तबाही मंजर देखकर आंखों से छलके आंसू, बाढ़ का पानी उतरने पर 3 दिन बाद पहुंचे गांव
ग्वालियर. सिंध और पार्वती नदी की तबाही की तस्वीर अब सामने आने लगी है। डबरा तहसील का चांदपुरा गांव पूरी तरह से बर्बाद हो गया है और बाढ़ का पानी उतरने के बाद गांव की मनीषा बघेल अपने 2 भाईयों के साथ गांव लौटी तो घर का एक कमरा छोड़कर सब कुछ मलबे में बदल गया था। 40 क्विंटल गेंहू खराब हो गया है तीनों मलबे में गृहस्थी के सामान तलाश रहे हैं। मनीषा ने कहा कि तबाही का जो मंजर देखा है वह कभी भूल नहीं पायेगी। यह दर्द सिर्फ मनीषा और उसके 2 भाईयों का नहीं हैं। डबरा-भितरवार के 46 गांव के लगभग 20 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आये। अकेले डबरा के चांदपुर गांव में 580 मकान जलमग्न हो गये थे। इनमें से 260 कच्चे और पक्के मकान मलबा में बदल गये हैं। तबाही के 3 दिन बाद बाढ़ का पानी उतरने पर धीरे-धीरे गांव के लोग वापिस लौट रहे हैं। उजड़ी गृहस्थी देखकर उनकी आंखें भर आयी है। किसी का घर तबाह हो चुका है तो किसी का घर किसी लायक नहीं बचा है।
46 गांव के 20 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए
ग्वालियर सिंध, पार्वती, नोन नदी के उफनने के बाद 46 गांव बाढ़ की चपेट में आये थे। यहां के लगभग 20 हजार से अधिक प्रभावित हुए थे। कई गांव से कीमती सामान लेकर अपना सब कुछ छोड़कर पलायन कर गये थे। जिन लोगों ने गांव में रहने की सोची थी। वह गहरे संकट में फंस गये थे। 17 रेस्क्यू स्थल बनाये गये है। शुक्रवार को 14.5एमएम वर्षा हुई थी। नदियां भी खतरे के निशान के लगभग ही चल रही है। शुक्रवार तक 3 दिन में लगभग 300 से अधिक लोगों को रेस्क्यू करके बाढ़ से बचाया गया है। 8250 लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। 25 से अधिक राहत शिविर बनाये गये हैं। यहां पलायन करने वाले लोगोंको कपड़े खाना और अन्य इंतजाम किये गये है।

3 हजार से ज्यादा घर डूबे, 1 हजार बह गए
डबरा-भितरवार के 46 गांव में करीब 3 हजार से ज्यादा घर पानी में डूबे हैं। इनमें से 1 हजार से ज्यादा मकान (कच्चे-पक्के) बह गए या ढह गए हैं। अब इन लोगों की जिंदगी को पटरी पर लाना ही सरकार के लिए सबसे बढ़ा चैलेंज हैं। जो मकान ढह गए हैं या मलबे में तब्दील हो गए हैं वह तो साफ दिख रहे हैं, लेकिन डूबने के बाद जो मकान बच गए थे वह भी जर्जर हो चुके हैं।
पानी छोड़ने से 6 घंटे पहले देनी होगी सूचना
शुक्रवार को प्रभारी व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कलेक्टोरेट में अफसरों की बैठक ली है। बैठक में उन्होंने कहा है कि ग्वालियर अतिवृष्टि से आई आपदा की घड़ी में जल संसाधन विभाग का अमला 24 घंटे मुस्तैद रहकर काम करे। बांधों व जलाशयों से पानी छोड़ने की सूचना कम से कम 6 घंटे पहले प्रशासन व पुलिस को दी जाए, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। यह चुनौती का समय है, जो भी अधिकारी-कर्मचारी अपने कर्तव्य निर्वहन में ढ़िलाई करेगा उसे विभाग में रहने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुई चंबल नहरों सहित सभी जल प्रणालियों को युद्ध स्तर पर दुरूस्त करने पर भी विशेष बल दिया।
