लोकायुक्त पुलिस ने बाबू को 2 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों पकडा
ग्वालियर । लोकायुक्त पुलिस ने अभी अभी आदिम जाति कल्याण विभाग के एक बाबू को 2 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों पकडा है। यह बाबू राकेश गुप्ता आदिम जाति कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति सेक्शन के लिये डिजीटल सिग्रेचर एप्रूव के 2 हजार रूपये की रिश्वत हितग्राही से लेता था। लोकायुक्त पुलिस की इस पर काफी दिनों से नजर थी।
क्या है मामला
मुरार हाथीखाना निवासी सुशील कुमार झा सिकरौदा रोड स्थित एचएल सोमल आईटीआई कॉलेज में अकाउंट डिपार्टमेंट में कर्मचारी हैं साथ ही कॉलेज के स्कॉलरशिप विभाग के प्रभारी हैं। छात्रों की स्कॉलरशिप के लिए वह अक्सर सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग के दफ्तर में आते जाते हैं। वह वहां से स्कॉलरशिप की सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद छात्रों के खातों में स्कॉलरशिप की राशि जमा करवाते हैं। पर इस बार स्कॉलरशिप से पहले डिजिटल सिग्नेचर का नियम आ गया है। यह डिजिटल सिग्नेचर वैरीफाई कर एप्रूव करने के लिए जिम्मेदारी विभाग में पदस्थ जूनियर अकाउंटेंट राकेश गुप्ता को दी गई थी। राकेश गुप्ता कुछ दिन से लगातार सुशील कुमार को कोई न कोई कमी बताकर परेशान कर रहे थे। जब सुशील ने पूछा कि डिजिटल सिग्नेचर एप्रूव कैसे होंगे तो इसके लिए उन्होंने 2 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। इस पर सुशील ने उसे रंगे हाथ पकड़वाने की ठान ली। एक दिन पहले उन्होंने मामले की शिकायत एसपी लोकायुक्त संजीव सिन्हा को दी। उन्होंने तत्काल लोकायुक्त की टीम लगाई। फरियादी ने जूनियर अकाउंटेंट से बात कर 1500 रुपए में बात तय की। सारे सबूत मिलने के बाद लोकायुक्त ने शुक्रवार शाम घेराबंदी कर ली।
