अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 8 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला – मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री के सहयोग से हुई सेना और एयर लिफ्ट की व्यवस्था, बचाव कार्य में लगी हैं 75 विशेष टीमें और 5 हेलीकॉप्टर
ग्वालियर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश में अतिवृष्टि और बाढ़ से शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, ग्वालियर, गुना, भिंड और मुरैना जिलों के कुल 1225 ग्राम प्रभावित हैं। अब तक श्योपुर जिले के 32 गाँवों से 1500 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इसी प्रकार शिवपुरी के 90 गाँवों से 2000 और दतिया, ग्वालियर, मुरैना, भिंड के 240 गाँवों से एसडीईआरएफ, एनडीईआरएफ, आर्मी तथा बीएसएफ ने मिलकर लगभग 5,950 लोगों को सुरक्षित निकालने में सफलता प्राप्त की है। अभी तक की जानकारी के अनुसार 1950 लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं। खराब मौसम के कारण कल एयर फोर्स के हेलीकॉप्टर को बचाव कार्य में कठिनाई आ रही थी। आज फिर हेलीकॉप्टरों ने बचाव कार्य शुरू किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्मार्ट पार्क में मीडिया के प्रतिनिधियों से प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में जारी अति वृष्टि और बाढ़ की स्थिति के संबंध में बातचीत कर रहे थे।
श्योपुर जिले में संचार व्यवस्था ठप्प
शिवपुरी और श्योपुर में कल तक ही लगभग 800 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। यह अप्रत्याशित स्थिति है। श्योपुर जिले में संचार व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो चुकी है। दूर संचार मंत्रालय से बात कर व्यवस्थाएँ पुन: स्थापित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। गुना-शिवपुरी के बीच रेल सेवा बंद है। अधोसंरचना को बहुत नुकसान पहुँचा है, पर राहत की बात यह है कि बचाव कार्य निरंतर जारी है। प्रभावितों की जिन्दगी बचाने में हमें सफलता मिली है।
जिला प्रशासन के साथ एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ और सेना सक्रिय
एनडीईआरएफ की 3 टीमें पहले से बचाव कार्य में लगी थीं, दो टीमें और आ रही हैं। आर्मी के चार कॉलम और एसडीईआरएफ की 70 से अधिक टीमें जिला प्रशासन के साथ बचाव कार्य में लगी हुई हैं। अब तक एयरफोर्स के चार हेलीकॉप्टर ग्वालियर में और एक शिवपुरी में बचाव कार्य में लगा हुआ है।
चंबल नदी में पानी बढ़ने से भिंड और मुरैना में सर्तकता जरूरी
चंबल नदी में लगातार पानी बढ़ रहा है। कोटा बैराज से छोड़े गये पानी से भी जल स्तर और बढ़ेगा। भिंड और मुरैना जिले के लिये यह चिंता का विषय है। इन जिलों के निचले इलाकों में बसे गाँवों को खाली कराने का काम लगातार जारी है। भिंड में 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मुरैना में सावधानी के तौर पर गाँव खाली कराये जा रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। सिंध नदी में भी लगातार पानी बढ़ रहा है।
राहत कैंप और भोजन व्यवस्था के लिए कार्य जारी
राहत के लिए कैंप और भोजन व्यवस्था की जा रही है। मैं निरंतर केंद्र सरकार के संपर्क में हूँ। प्रधानमंत्री श्री मोदी से आज भी फोन पर चर्चा हुई है। उन्हें स्थिति से अवगत कराया गया है। गृह मंत्री श्री अमित शाह से भी चर्चा हुई है। केंद्र के सहयोग से ही लोगों को एयर लिफ्ट करने की व्यवस्था बन पाई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सहयोग के कारण ही सेना को भी तत्काल बुलाना संभव हो पाया। बचाव और राहत का हर संभव प्रयास जारी है।
सभी लोगों को सुरक्षित निकालेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुझे विश्वास है कि हम सभी लोगों को सुरक्षित निकालेंगे और राहत तथा व्यवस्था बनाने का कार्य जारी रहेगा। जनता की सेवा के कार्यों का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जायेगा।
