हथौड़ा मारकर टैक्सी चालक की हत्या
ग्वालियर. एक टैक्सी चालक की सिर और चेहरे पर बार-बार हथौड़े मारकर हत्या कर दी गयी है। इतनी बेरहमी से हत्या करने वाले और हत्या की वजह अभी दोनों अज्ञात है। टैक्सी चालक का शव सोमवार की रात गोल पहाडि़या तुलसी मैरिज गार्डन में पड़ा मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को आशंका है कि हत्या करने वाले कोई पचान को होंगे। जिन्होंने यहां सूनसान इलाके में मिलने बुलाकर हत्या को अंजाम दिया है। मृतक पर भी हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जनकगंज पुलिस को सोमवार की रात सूचना मिली थी कि गोल पहाड़िया क्षेत्र में तुलसी मैरिज गार्डन में एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पर इसी समय मृतक के पास पड़े मोबाइल पर एक कॉल आया। पुलिस जवानों ने कॉल रिसीव कर बात की। जिसने कॉल लगाया था उसका नाम रहीस था और उसने पुलिस को बताया कि यह फोन उसके भाई हमीद का है। इसके बाद रहीस स्पॉट पर पहुंचा और मृतक की पहचान हमीद पुत्र अजमेरी खान निवासी मेहरा साहब की तलैया नेहरू पेट्रोल पंप के समीप के रूप में हुई। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस का मानना है हमीद की हत्या हथौड़े से की गई हैए लेकिन अभी तक ना तो हत्या की वजह स्पष्ट हो सकी है और ना ही आरोपी के बारे में कोई सुराग पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
टैक्सी मालिक पर संदेह जताया है मृतक के भाई ने
मृतक के भाई रहीस ने कहा है कि हमीद टैक्सी चालक था और मनोज राठौर नामक व्यक्ति की जीप चलाता है और रहीस ने हमीद के साथ मनोज की गैर मौजूदगी पर संदेह जाहिर किया है। उसने टैक्सी मालिक पर हत्या का संदेह जताया है।
