मप्र के कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया आज से शुरू
भोपाल. मध्य प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं में आज से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीएड कॉलेज में प्रवेश के लिए भी पंजीयन शुरू हो गए हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 1450 निजी और सरकारी कॉलेजों के आगामी सत्र 2021-22 की गाइडलाइन पहले ही जारी कर दी है। यूजी में प्रवेश के लिए पंजीयन 12 अगस्त तक चलेंगे। इस बार विभाग ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए ई-प्रवेश के लिए निर्देश दिए हैं। पंजीयन से लेकर दस्तावेज सत्यापन तक दाखिले की समूची प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके बाद तीन चरणों की काउंसिलिंग से विभाग यूजी के आठ लाख और पीजी की करीब तीन लाख सीटों पर छात्र-छात्राओं प्रवेश कराएगा। काउंसिलिंग में शामिल होने वाली छात्राओं को पंजीयन कराने पर कोई भी शुल्क नहीं लगाया गया है। उनका पंजीयन निश्शुल्क होगा, लेकिन छात्रों को 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
वहीं विभाग ने यूजी में संकाय बदलने वाले विद्यार्थियों के लिए मेरिट सूची में पांच फीसद अंक की कटौती की है। यूजी के पंजीयन 12 अगस्त और पीजी के सात अगस्त तक चलेंगे। यूजी के सत्यापन दो से 14 और पीजी के दो से नौ अगस्त तक होंगे। यूजी का अलॉटमेंट 20 अगस्त और पीजी का अलाटमेंट 14 अगस्त को होगा। वहीं, यूजी की दूसरे चरण की काउंसिलिंग में 27 अगस्त से 14 सितंबर और पीजी की 21 अगस्त से 11 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद यूजी की सीएलसी 16 सितंबर से 30 सितंबर तक और पीजी की सीएलसी 14 से 30 सितंबर तक चलेगी।
