लूट-जयारोग्य चिकित्सालय के सामने किसान से लूट, मुरैना से पैर का इलाज कराने आये थे
ग्वालियर. मुरैना से उपचार कराने ग्वालियर आये एक किसान से साईकिल सवार ने पता पूछा। अभी किसान उससे बात कर रहा था तभी पीछे से आये 3 युवक उससे 30 हजार रूपये छींनकर ऑटो में सवार होकर भाग गये। घटना शुक्रवार की दोपहर माधव डिस्पेंसरी के सामने की है। किसान पुलिसकर्मी का चाचा है। पहले उसने भतीजे को बुलाया फिर कम्पू थाने पहुंचा। पुलिस ने मामले को चोरी का माना है और जांच कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले है, पर उसमें बदमाश नजर नहीं आये हैं।
क्या है पूरा मामला
मुरैना के खबरौली गांव निवासी 48 वर्षीय सुरेश राठौर किसान हैं। कुछ समय से वह पैर में दर्द से काफी परेशान है। चलना भी मुश्किल हो रहा था। इसके लिए वह JAH में डॉक्टर को दिखाने आए थे। शुक्रवार की दोपहर को वह मुरैना से बस के जरिए आए। बस स्टैंड से जयारोग्य अस्पताल के लिए ऑटो लिया और जेएएच पहुंचे। यहां से अंदर पहुंचकर उन्होंने इलाज के लिए पर्ची बनवाई। इसके बाद वह बाहर आए और MK प्लाजा की ओर जा रहे थे। तभी एक साइकिल सवार ने सुरेश को रोककर पता पूछा। अभी सुरेश उसे समझा रहे थे कि वह खुद बाहर से आए हैं। साइकिल वाला आगे की तरफ बढ़ा और इसी समय पीछे से आए 3 युवकों ने किसान से 30 हजार रुपए छीने और आगे खड़ी एक ऑटो में सवार होकर भाग गए। किसान ने शोर भी मचाया, लेकिन वह पैर में परेशानी होने के कारण पीछा नहीं कर सके।
पुलिसकर्मी भतीजे को बताया फिर थाने पहुंचे
सुरेश ने सबसे पहले लूट की सूचना अपने पुलिसकर्मी भतीजे कृष्णा राठौर को दी। कृष्णा तत्काल जयारोग्य चिकित्सालय पहुंचे और उसके बाद चाचा को लेकर कंपू थाने आये और मामले की शिकायत की। कंपू थाना पुलिस ने लूट और उसके बाद काफी देर से थाना आने पर मामले का संदिग्ध माना है। पुलिस का मानना है कि यह चोरी का मामला हो सकता है। जिसे लूट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
