पीओके में चुनाव पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके पर अवैध कब्जा किए हुए है पाकिस्तान, फौरन खाली करे भारतीय जमीन
नई दिल्ली. पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चल रहे चुनावों को लेकर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। भारत ने पाकिस्तान से साफ शब्दों में कहा है कि पीओके में उसने अवैध कब्जा किया हुआ है। इन भारतीय क्षेत्रों पर पाकिस्तान का कोई अधिकार नहीं है। पाकिस्तान अवैध कब्जे वाले सभी भारतीय क्षेत्रों को फौरन खाली करे, यहां चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह से गलत है।
विदेश मंत्रालय ने प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पीओके के लोगों का शोषण और उन्हें उनकी स्वतंत्रता से वंचित रखना पूरी तरह से मानव अधिकारों का उल्लंघन है। पीओके में पाकिस्तान के द्वारा करवाया जा रहा तथाकथित चुनाव इस क्षेत्र की भौतिक बदलाव को छिपाने की साजिश है। हमने पाकिस्तान से इस पर विरोध दर्ज कराया है। इस तरह का प्रयास या बदलाव की कवायद पाकिस्तान के कब्जे को नहीं छिपा सकती। पाकिस्तान अवैध कब्जे को फौरन खाली करे। हमने चीन और पाकिस्तान को लगातार बताया है कि तथाकथित सीपीईसी भारत के क्षेत्र में है जिस पर पाकिस्तान ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है हम इसका विरोध करते हैं।
बागची ने जम्मू कश्मीर और लद्दाख को लेकर चीन और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के संयुक्त बयान को लेकर भी आपत्ति जताई। बागची ने कहा कि भारत संयुक्त बयान में जम्मू कश्मीर के किसी भी संदर्भ को स्पष्ट रूप से खारिज करता है। जम्मू कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से रहे है और रहेंगे। चीन ने किसी भी तरह की एकतरफा कार्रवाई का विरोध किया था।
भारत ने ब्रिटेन से यात्रा प्रतिबंधों को हटाने की मांग की
बागची ने बताया कि कोरोना महामारी के बीच लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों को लेकर हमने ब्रिटेन से बातचीत की है। हमने ब्रिटेन से इन प्रतिबंधों को जल्द से जल्द हटाने की मांग की है। हमने वैक्सीन सर्टिफिकेट की मान्यता को लेकर भी चर्चा की है और जल्द ही इसके परिणम सामने होंगे।
