अर्चना जायसवाल महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त
भोपाल. मप्र महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल को बनाया गया है। इस पद की रेस में उज्जैन की नूरी खान और भोपाल की विभा पटेल के नाम थे। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने इन्दौर की अर्चना जायसवाल पर भरोसा जताया है। उन्हें दिग्विजय कैंप का माना जाता है। उन्हें दूसरी बार प्रदेश महिला कांग्रेस की कमान सौंपी गयी है। इससे पहले दिग्विजय शासनकाल में उन्हें महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने दूसरी बार मुझ पर भरोसा जताया है उसके लिये पार्टी अलाकमान का आभार व्यक्त करती हूं। महिला कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जायेगा ओर 2023 में प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनायेंगे। अर्चना जायसवाल ने 2015 में इन्दौर महापौर का चुनाव लड़ा था लेकिन भाजपा की मालिनी गौड़ ने उन्हें हरा दिया था।
अर्चना जायसवाल को दिग्विजय सिंह के ग्रुप का माना जाता है। जब होशंगाबाद जिले के निकायों की टिकट को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने इस्तीफा दिया था। तब उन्होंने इन्दौर में अर्चना जायसवाल को महापौर प्रत्याशी बनाये जाने की मांग रखी थी। जायसवाल दिग्विजय सिंह समर्थक कांतिलाल भूरिया के प्रदेशाध्यक्ष रहते समय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। शोभा ओझा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनकी जगह मांडवी चौहान को अध्यक्ष बनाया गया था। अर्चना जायसवाल वर्तमान में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष है। प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान के अप्रैल में कोरोना से निधन होने के बाद यह पद खाली हो गया था।

