जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने पुलवामा में बड़ा ऑपरेशन किया, सुरक्षाबलों ने 5 आतंकी मारे
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन करते हुए 5 आतंकी मार गिराए। मारे गए आतंकियों में लश्कर ए तैयबा का डिस्ट्रिक्ट कमांडर भी शामिल है। कश्मीर पुलिसके आईजी विजय कुमार ने बताया कि पुलवामा के हंजिन राजपोरा इलाके में सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, इस इलाके में छिपे आतंकियों ने तलाशी अभियान के दौरान गुरूवार देर रात फायरिंग कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी करते हुए 5 आतंकी मार गिराए।
(एलईटी) का डिस्ट्रिक्ट कमांडर निशाज लोन भी शामिल
मारे गए आतंकियों में लश्कर ए तैयबा का (एलईटी) का डिस्ट्रिक्ट कमांडर निशाज लोन भी शामिल है उसके साथ ही एक पाकिस्तानी आतंकी भी मारा गया। आईजी ने बताया कि इस ऑपरेशन में आतंकियों से कई हथियार रिकवर हुए, उनसे जुड़े सलीपर सेल और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
उधर कुलगाम पुलिस ने ट्वीट कर उन खबरों को अफवाह बताया जिनमें दावा किया जा रहा था कि 30 जून को सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया लश्कर ए तैयबा का आतंकी जाकिर नाइक दहशतगर्द नहीं था। पुलिस ने कहा कि सच ये है कि जाकिर नाइक ने मरने से कुछ दिनों पहले ही आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा (एलईटी) को ज्वॉइन किया था। पुलिस ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाकर समाज में अशांति भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में 1 जवान शहीद
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन में सेना का 1 जवान भी शहीद हो गया। शहीद जवान की पहचान 44 आरआर के हवलदार काशी राव के रूप में हुई है। अभियान की शुरूआत के दौरान छिपे हुए आतंकियों ने तलाश दल पर गोली चलाई जिसकी चपेट में आ जाने से वे घायल हो गए और बाद में दम तोड़ दिया।
पिछले 72 घंटे में तीसरी बड़ी मुठभेड़
कश्मीर में पिछले 72 घंटे में यह तीसरी मुठभेड़ थी। इन मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 10 आतंकवादियों को मार गिराया। इस साल जनवरी से अब तक सुरक्षाबलों के अनुसार कश्मीर में 66 आतंकियों को मार गिराया है।
