ग्रामीणों ने लूटा 150 क्विंटल गेहूं, फूड इंस्पेक्टर के सामने उठा ले गए गेहूं से भरी बोरियां
शिवपुरी. बदरवास क्षेत्र के ग्राम बारई में कंट्रोल पर ग्रामीणों ने सरकारी गेहूं लूट लिया। फूड इंस्पेक्टर के सामने ग्रामीण 150 क्विंटल गेहूं लूट ले गए, ग्रामीण राशन न मिलने से परेशान था। घटना से एक दिन पहले गांव वालों ने शिवपुरी आकर गांव की उचित मूल्य की दुकान पर सेल्समैन राहुल गोस्वामी द्वारा गेहूं नहीं बांटे जाने की शिकायत की थी हालांकि फूड इंस्पेक्टर नरेश मांझी का कहना है कि दुकान में 70 क्विंटल गेहूं था। इधर सेल्स मैन ने गांव के धर्मेन्द्र यादव व शंभू यादव पर गाली-गलौज व पीओएस मशीन फेंकने का आरोप भी लगाया है। मामले पर जिला फूड ऑफिसर विपिन पटेल ने मामले की जांच के आदेश दिए है।
ग्राम बारई की उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन राहुल गांव में गेहूं का वितरण नहीं कर रहा था। ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला फूड ऑफिसर विपिन पटेल से इसकी शिकायत की जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन किया कि वह बुधवार को फूड इंस्पेक्टर को भिजपा कर अनाज वितरण करवाएंगे। दोपहर पटवारी नीरज दांगी, फूड इंस्पेक्टर नरेश मांझी गांव पहुंचे और उन्होंने दुकान खुलवा कर ग्रामीणों को गेहूं बंटवाना शुरू करवाया। करीब 10 लोगों को गेहूं बांट भी दिया गया तभी अचानक भीड़ बेकाबू होने लगी। भीड़ में मौजूद कुछ लोग गेहूं के बोरे उठाकर भागने लगे जिसके बाद सेल्समैन ने मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई है।
जांच करवाएंगे
इस मामले में जिला फूड ऑफिसर विपिन पटेल का कहना है कि ग्रामीणों ने शिकायत की थी इसके बाद मैंने फूड इंस्पेक्टर को भिजवा कर गेहूं वितरण सुनिश्चित करवाया। इसी दौरान अचानक यह घटना हुई है। गेहूं की लूट हुई है या बात कुछ और है यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा और हम इस मामले की जांच करवाएंगे।
