एक ही दिन में 4 लाख पौधे रोपने का कार्य होगा – संभागीय आयुक्त

कलेक्टर्स राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं : कोविड की सेम्पलिंग का कार्य लक्ष्य अनुरूप हो

ग्वालियर ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में एक ही दिन में वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाकर 4 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए सभी जिले अपने-अपने जिले में वृहद वृक्षारोपण की तैयारी करें। संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने बुधवार को ग्वालियर-चंबल संभाग के कलेक्टरों की बैठक में यह बात कही।
मोतीमहल के मानसभागार में आयोजित दोनों संभाग की कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, कोविड-19 के संक्रमण के संबंध में समीक्षा के साथ-साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान के संबंध में भी विस्तृत चर्चा कर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त ने वृहद वृक्षारोपण के लिये अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान हमें ऑक्सीजन की जिस प्रकार की कमी महसूस हुई है उसको देखते हुए वातावरण में पर्याप्त ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को रोपने का अभियान चलाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में अगस्त माह के किसी एक दिन को निर्धारित कर वृहद वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। इसके लिये सभी जिलों के कलेक्टर अपने – अपने जिलों में वृक्षारोपण की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें।
राजस्व प्रकरणों का तेजी से हो निराकरण
बैठक में राजस्व प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कहा कि कोविड-19 के कारण सभी जिलों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षा अनुरूप प्रगति नहीं हुई है। सभी कलेक्टर अपने-अपने जिलों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिये विशेष अभियान चलाएं। पाँच साल से अधिक राजस्व का कोई भी लम्बित प्रकरण किसी भी जिले में लंबित न बचे इसके लिये एक सप्ताह में विशेष प्रयास कर प्रकरणों का निराकरण करें।
अधिक से अधिक सेम्पलिंग कराई जाए
संभागीय आयुक्त ने बैठक में कोविड-19 के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया है कि ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में लक्ष्य अनुरूप सेम्पलिंग का कार्य किया जाए। टीकाकरण के साथ-साथ किल कोरोना अभियान भी निरंतर जारी रखा जाए।
इस मौके पर डीआईजी ग्वालियर रेंज राजेश हिंगणकर, डीआईजी चंबल रेंज सचिन अतुलकर सहित ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *