ग्वालियर में एयरबेस की बढ़ाई सुरक्षा, आस-पास के ग्रामीणों का फिर होगा सत्यापन

ग्वालियर. जम्मू एयरबेस पर हुए ड्रोन हमले के बाद महाराजपुरा एयरबेस की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। एयरबेस में आंतरिक सुरक्षा को लेकर एयरबेस के अधिकारियों ने नए सिरे से सुरक्षा इंतजामों को देखा। एयरबेस में लगे वाच टावरों से निगरानी और बढ़ाने के संकेत मिले है इसके अलावा एयरबेस की सुरक्षा की द्रष्टि से नए सिरे से महाराजपुरा के अलावा मुरैना जिले के रिठौराकला सहित पांच गावों में रहने वाले लोगों का नए सिरे से पुलिस सत्यापन कराएगी। जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी एयरबेस में गए थे। एयरबेस की आतंरिक सुरक्षा का दायित्व एयरफोर्स के पास है और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला प्रशासन व पुलिस की है। चिन्हित गांवों में आने वाले लोगों की निगरानी की जाएगी।
इलेक्ट्रोनिक्स उपकरणों की होगी जांच
एयरबेस के पास सबसे बड़ा गांव महाराजपुरा गांव है, दूसरा गांव मुरैना जिले की सीमा में स्थित रिठौराकला है इसके अलावा तीन छोटे-छोटे गांव है। इन गांवों के स्थाई निवासियों का सत्यापन करने के साथ किराये से रहने वाले लोगों को सूचीबद्ध कर उनके मूल निवास से सत्यापन कराने का कार्य पुलिस करेगी, इसके अलावा इन गांवों में किन-किन के पास इलेक्ट्रोनिक्स उपकरण है इसकी भी जांच की जाएगी।
डीआरडीई की जमीन से हटेंगे अतिक्रमण बनाई संयुक्त टीम
रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना डीआरडीई की महाराजपुरा स्थित जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार को की। इसके लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई है। महाराजपुरा में डीआरडीई को 140 एकड़ जमीन आवंटित की गई है जिसके लिए हाल ही में कलेक्टर और डीआरडीई प्रशासन के बीच अहम बैठक हुई थी। यह अतिक्रमण हटने के बाद डीआरडीई जमीन पर कब्जा लेगा। अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस भी जारी कर दिए गए है। डीआरडीई की सिटी सेंटर स्थित लैब को शिफ्ट करने के लिए यह कवायद चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *