जयारोग्य अस्पताल के अलावा मुरार, हजीरा, थाटीपुर में पीआईसीयू हो रहे तैयार
ग्वालियर. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अकेले जयारोग्य अस्पताल के भरोसे नहीं रहा जा सकता इसलिए मुरार जिला अस्पताल, सिविल हॉस्पिटल हजीरा, थाटीपुर व डबरा में पीआईसीयू में (बच्चों के लिए आईसीयू) बेड तैयार किए जा रहे है इसके साथ ही बच्चों को तीसरी लहर में कैसे हैंडल करेंगे इसको लेकर भी लगातार ट्रेनिंग प्रोग्राम ऑनलाइन चलाए जा रहे है।
यह है आईसीयू बेड की हालत
कोरोना की पहली लहर से पहले जिले 50 से 70 आईसीयू बेड उपलब्ध थे इसमें बच्चों के लिए 25 पीआईसीयू भी उपलब्ध थे पर उस समय बच्चों में वायरस ने ज्यादा असर नहीं दिखाया इसलिए इतनी परेशानी नहीं हुई। कोरोना की दूसरी लहर के समय वायरस ने काफी कोहराम मचाया। बुजुर्ग से ज्यादा युवाओं की मौत हुई। दूसरी लहर में पीआईसीयू और आईसीयू की संख्या बढ़ाकर 100 से ज्यादा थी।
अब कोरोना की तीसरी लहर का डर सभी के सिर पर मंडरा रहा है। बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा बताया जा रहा है इसलिए अब सबसे ज्यादा फोकस पीआईसीयू और आईसीयू बेड पर लगाया जा रहा है। अकेले जेएएच में 100 से ज्यादा आईसीयू बेड उपलब्ध है साथ ही आधा सैकड़ा पीआईसीयू भी है। ग्वालियर पॉटरीज के सी ब्लॉक में भी पीआईसीयू और आईसीयू प्रस्तावित है और काम चल रहा ळै। मुरार प्रसूति गृह में 25 बेड का पीआईसीयू है साथ ही 10 बेड का पीआईसीयू उसी बिल्डिंग के ऊपर तैयार हो रहा है। सिविल हॉस्पिटल हजीरा में भी 10 बेड का पीआईसीयू तैयार हो रहा है। यह अगस्त-सितंबर से पहले तैयार हो जाएंगे।
